अलीगढ़ में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिलेभर में लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम संजीव रंजन ने नागरिकों से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक मतदाता की भागीदारी से ही लोकतंत्र मजबूत बनता है। डीएम ने जानकारी दी कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में करीब पांच लाख नाम चिह्नित किए गए हैं, जिन पर सुनवाई जारी है और सही दावों के आधार पर संशोधन किया जाएगा। बीएलओ हुए सम्मानित वरिष्ठ मतदाता और विशेष वर्ग का सम्मान 90 वर्ष से अधिक आयु के रेवती प्रसाद, ब्रह्मदेव, गुरु दयाल सारस्वत, राजकुमारी और केला देवी के साथ दिव्यांगजन व मंगलामुखी मतदाताओं को लोकतंत्र की प्रेरणा बताते हुए सम्मानित किया गया। पुलिस कार्यालय में दिलाई मतदान की शपथ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने पुलिस कार्यालय में सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा बनाए रखने तथा बिना किसी दबाव, धर्म, जाति या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी प्रज्ञान समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। ‘मेरे युवा भारत’ का युवा जागरूकता अभियान डीएस कॉलेज में पदयात्रा निकालकर युवाओं को मतदाता शपथ दिलाई गई। नए वोटर्स को सम्मानित कर लोकतंत्र को मजबूत करने का संदेश दिया गया। इस दौरान डीएस कॉलेज के प्राचार्य मुकेश कुमार भारद्वाज, जिला युवा अधिकारी तन्वी अग्रवाल, रेंज रोवर्स अधिकारी डॉ. मोहित सक्सेना, एनसीसी अधिकारी डॉ. वीके शर्मा, स्वीप नोडल अधिकारी डॉ. राजीव शर्मा आदि उपस्थित रहे।


