गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित किया गया। इस अवसर पर नए मतदाताओं के साथ-साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले मास्टर ट्रेनर, बीएलओ और सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने की। कार्यक्रम में अपर जिला और सत्र न्यायाधीश एकता अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में और मुख्य जिला न्यायिक मजिस्ट्रेट महेश बाबू साहू विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का राष्ट्रीय मतदाता दिवस की पूर्व संध्या पर दिया गया संदेश भी सुना गया। मुख्य अतिथि एकता अग्रवाल ने उपस्थित सभी लोगों को मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मतदान के अधिकार को केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि कर्तव्य के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने सभी से निष्पक्ष, निर्भीक और स्वतंत्र होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया। महेश बाबू साहू ने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदाता शपथ के शब्दों के महत्व को समझने और अपने अधिकार के प्रति जागरूक रहने की बात कही। उन्होंने सभी निर्वाचनों में निष्पक्ष मतदान के लिए जागरूक रहने का संदेश दिया।


