पश्चिम बंगाल के हुबली में हुई नेशनल सब-जूनियर वॉलीबॉल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम ने ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। इस शानदार जीत में गोरखपुर के होनहार खिलाड़ी आयुष्मान सिंह ने भी अपनी मेहनत से टीम को जीत दिलाने में अहम रोल निभाया। स्टेशन पर हुआ जोरदार स्वागत
ट्रॉफी लेकर जब टीम वापस गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, तो वहां जिला वॉलीबॉल संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। इस बड़ी सफलता पर आयुष्मान सिंह और उनके साथियों को फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया गया। सीनियर खिलाड़ियों और कोच ने आयुष्मान की पीठ थपथपाई और उन्हें भविष्य के लिए ढेर सारी बधाई दी। इस मौके पर आयुष्मान ने कहा, “यह जीत पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है। बंगाल में मुकाबला काफी कड़ा था, लेकिन हमारा फोकस सिर्फ ट्रॉफी पर था।” खुशी का माहौल
गोरखपुर के बेटे की इस कामयाबी से लोकल खिलाड़ियों में भी जबरदस्त जोश है। संघ के मेंबर्स का कहना है कि इस तरह की जीत से शहर के दूसरे छोटे बच्चों को भी आगे बढ़ने और स्पोर्ट्स में करियर बनाने की प्रेरणा मिलेगी।


