बलिया में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान – 2.0 शुरू हो गया है। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनिल कुमार झा के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में यह अभियान 1 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेगा। अपर जनपद न्यायाधीश हरीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मध्यस्थता (सुलह-समझौता) के माध्यम से न्यायालयों में लंबित अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण करना है। इस अभियान में वैवाहिक विवाद, दुर्घटना दावे, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, सेवा विवाद, शमनीय आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, संपत्ति के बंटवारे, बेदखली से संबंधित मामले, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य उपयुक्त दीवानी मामलों को राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान के तहत निस्तारित किया जाएगा। अपर जनपद न्यायाधीश ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने या अपने किसी भी परिचित के उपरोक्त विवादों को सुलह-समझौते के आधार पर बलिया के मीडिएशन सेंटर में निस्तारित कराएं। उन्होंने सभी जनसामान्य से इस सस्ती और सुलभ न्यायिक प्रक्रिया का लाभ उठाने का आग्रह किया।


