NASA का ऐतिहासिक फैसला: मेडिकल कारणों से पहली बार ISS से अंतरिक्ष यात्रियों की समय से पहले वापसी

NASA का ऐतिहासिक फैसला: मेडिकल कारणों से पहली बार ISS से अंतरिक्ष यात्रियों की समय से पहले वापसी

नासा ने अपने 65 वर्षों के मानव अंतरिक्ष उड़ान इतिहास में पहली बार एक ऐतिहासिक और संवेदनशील फैसला लेते हुए मेडिकल इवैकुएशन के तहत चार अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से पृथ्वी पर वापस बुला लिया है। एक गंभीर चिकित्सा समस्या के कारण अंतरिक्ष में उनका प्रवास एक महीने पहले ही समाप्त हो गया था। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से बचाव अभियान के तहत लाए गए चार अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी पर वापस लौट आए हैं।

चालक दल के कप्तान, नासा के अंतरिक्ष यात्री माइक फिंके सबसे पहले अंतरिक्ष यान से बाहर निकले, मुस्कुराते हुए और अपने पैरों पर थोड़ा लड़खड़ाते हुए, फिर सामान्य प्रक्रियाओं का पालन करते हुए एक स्ट्रेचर पर लेट गए। नासा की ज़ेना कार्डमैन, जापान की किमिया युई और अंतरिक्ष यात्री ओलेग प्लाटोनोव उनके पीछे-पीछे आए और कैमरों की ओर हाथ हिलाते हुए मुस्कुराए। कार्डमैन ने कहा, घर आकर कितना अच्छा लग रहा है! गौरतलब है कि 1998 में स्टेशन को पृथ्वी की कक्षा में स्थापित किए जाने के बाद से यह पहली बार है जब स्वास्थ्य समस्या के कारण अंतरिक्ष यात्रियों को निकाला गया है।

अमेरिका, रूस और जापान के थे यात्री

नासा, रूस और जापान के इन चार अंतरिक्ष यात्रियों ने बुधवार को स्पेस स्टेशन से विदाई ली और वे स्पेसएक्स कैप्सूल के जरिये गुरुवार तड़के कैलिफोर्निया के सैन डिएगो तट के पास प्रशांत महासागर में उतरे हैं। इस मिशन में शामिल नासा की अंतरिक्ष यात्री जेना कार्डमैन ने भावुक होते हुए कहा हमारी वापसी का समय अचानक बदला, लेकिन सबसे खूबसूरत बात यह रही कि यह टीम एक परिवार की तरह एक-दूसरे का ख्याल रखती रही।

बीमार यात्री की पहचान उजागर नहीं

हालांकि नासा ने उस अंतरिक्ष यात्री की पहचान उजागर नहीं की, जिसे चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्री की हालत स्थिर और सुरक्षित है तथा यह फैसला पूरी सावधानी के साथ लिया गया है ताकि धरती पर बेहतर मेडिकल जांच संभव हो सके। नासा ने यह भी साफ किया कि यह कोई आपात स्थिति नहीं थी, लेकिन अंतरिक्ष में रहते हुए इलाज में देरी करना जोखिम भरा हो सकता था। इसलिए मिशन को छोटा करने का निर्णय लिया गया।

अमरीकी और दो रूसी अंतरिक्ष यात्री स्पेशन स्टेशन पर मौजूद

स्पेस स्टेशन पर फिलहाल एक अमेरिकी और दो रूसी अंतरिक्ष यात्री मौजूद हैं। नासा और स्पेसएक्स अब फ्लोरिडा से नए दल की लॉन्चिंग की तारीख को आगे खिसकाने पर काम कर रहे हैं। नासा के नए प्रशासक जारेड आइजैकमैन ने इस फैसले पर कहा हमारे अंतरिक्ष यात्रियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *