हांसी जिले के नारनौंद क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ नारनौंद ने 12 ग्राम हेरोइन प्रकरण में एक मीडिएटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजथल निवासी सोमबीर उर्फ गुल्ली के रूप में हुई है, जो सप्लायर और खरीदार के बीच संपर्क स्थापित करता था। सहायक उप निरीक्षक ने बताया कि यह मामला 5 जनवरी 2026 को शुरू हुआ था, जब पुलिस टीम गश्त पर थी। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए विकास निवासी गंगानगर, महम (जिला रोहतक) को पकड़ा गया। उसकी तलाशी में 12 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने विकास के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। विकास से पूछताछ के दौरान सामने आया कि उसे हेरोइन की सप्लाई राजथल निवासी राकेश उर्फ केडी करता था। जिस पर पुलिस ने राकेश को भी गिरफ्तार कर लिया और उसे भी कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। सप्लायर और खरीदार के बीच कराता था संपर्क मामले की गहन जांच आगे बढ़ाने पर पुलिस को पता चला कि इस पूरे नेटवर्क में सोमबीर उर्फ गुल्ली निवासी राजथल मीडिएटर की भूमिका निभा रहा था। वह नशीले पदार्थ के सप्लायर और खरीदार के बीच कड़ी का काम करता था। पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने सोमबीर को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जिला जेल हिसार भेज दिया गया है। सीआईए स्टाफ ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को इस बुराई से बचाया जा सके।


