नरगोड़ा हत्याकांड: परिजन ने एसआईटी जांच की मांग की

नरगोड़ा हत्याकांड: परिजन ने एसआईटी जांच की मांग की

भास्कर न्यूज | सीपत सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम नरगोड़ा निवासी 26 वर्षीय राजेंद्र सूर्यवंशी उर्फ राजू की मौत का मामला अब गहराता जा रहा है। पीएम रिपोर्ट में शरीर के अंदर गंभीर चोटों और पसलियां टूटने के खुलासे के बाद परिजनों ने इसे हत्या करार दिया है। मृतक के पिता सनोहर लाल सूर्यवंशी ने परिजनों के साथ बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। बता दें कि राजेंद्र सूर्यवंशी पेशे से पेंटर था और चाटीडीह स्थित अनिला टावर में पत्नी के साथ रहता था। 13 जुलाई 2025 को राजेंद्र अचानक लापता हुआ। 14 जुलाई 2025 को सरकंडा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। और 15 जुलाई को बिलासपुर के पचरीघाट में राजेंद्र का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ। मृतक के पिता का आरोप है कि सिटी कोतवाली पुलिस ने पंचनामा के समय परिजनों की आशंकाओं और बयानों को नजरअंदाज कर दिया। 6 अगस्त को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, राजेंद्र की मौत डूबने से नहीं, बल्कि गंभीर आंतरिक चोटों और पसलियां टूटने के कारण हुई है। इसके बावजूद अब तक हत्या का मामला दर्ज नहीं किया गया। परिजनों ने एसएसपी को सौंपे ज्ञापन में राजेंद्र की पत्नी अनुपा सूर्यवंशी, दोस्त कुश कुमार (निवासी कछार) और आशीष सूर्यवंशी (निवासी पौंसरा) पर हत्या की साजिश में शामिल होने का संदेह जताया है। परिजनों का दावा है कि राजेंद्र के लापता होने के अगले दिन उसका मोबाइल सिम कार्ड उसके दोस्त कुश कुमार के फोन में सक्रिय पाया गया था। परिजन ने मांग की है कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *