पीडीकेएफ लेडीज पोलो कप ‘टीम ग्रीन’ के नाम:उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने दी ट्रॉफी, एक मार्च को पोलो ग्राउंड पर खेला जाएगा फाइनल

पीडीकेएफ लेडीज पोलो कप ‘टीम ग्रीन’ के नाम:उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने दी ट्रॉफी, एक मार्च को पोलो ग्राउंड पर खेला जाएगा फाइनल

जयपुर पोलो सीजन 2026 के तहत रविवार को राजस्थान पोलो क्लब ग्राउंड पर यूएसपीए प्रिंसेस दीया कुमारी फाउंडेशन लेडीज पोलो कप 2026 का रोमांचक मुकाबला खेला गया। फाइनल मैच में टीम पीडीकेएफ यूएसपीए ग्रीन ने टीम पीडीकेएफ यूएसपीए पिंक को 5-3 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस अवसर पर राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। समारोह में प्रिंसेस दीया कुमारी फाउंडेशन की जनरल सेक्रेटरी गौरवी कुमारी और यूएस पोलो एसोसिएशन विमेंसवियर की बिजनेस हेड स्वप्निता सिंह भी मौजूद रहीं। लांस वाटसन की अगुवाई में शानदार जीत टीम पीडीकेएफ यूएसपीए ग्रीन ने लांस वाटसन के नेतृत्व में दमदार खेल दिखाया। विजेता टीम की ओर से कुमारी विजयश्री शक्तावत ने तीन गोल दागे, जबकि डॉ. शिवांगी जय सिंह ने दो गोल कर टीम को जीत दिलाई। टीम में मिली शेठ ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं टीम पीडीकेएफ यूएसपीए पिंक का नेतृत्व सवाई पद्मनाभ सिंह ने किया। पिंक टीम की ओर से संजुला मान ने तीन गोल किए। अन्य खिलाड़ियों में उर्वी सिंह और कुमारी लावण्या शेखावत शामिल रहीं। मैच का आनंद लेने के लिए जयपुर के महिला संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, पोलो प्रेमी और शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। लेडीज पोलो कप ने एक बार फिर यह साबित किया कि जयपुर केवल पोलो की ऐतिहासिक विरासत ही नहीं, बल्कि महिला खिलाड़ियों के उभरते आत्मविश्वास और खेल कौशल का भी सशक्त मंच है। पोलो प्रेमियों के लिए रोमांच अभी जारी रहेगा। अगले सप्ताह से राजस्थान टूरिज्म पोलो कप (6 गोल्स) की शुरुआत होगी, जिसका फाइनल मुकाबला 1 मार्च को राजस्थान पोलो क्लब ग्राउंड पर खेला जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *