बुलंदशहर में आगामी ईद-उल-फितर के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की है। जनपद में 150 ईदगाहों और 414 मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी, जहां सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त रहेंगे।मेरठ रेंज स्तर पर तैयार की गई रणनीति के तहत संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूरे रेंज में चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोन और सेक्टर प्रणाली लागू की गई है, साथ ही त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) भी सक्रिय रहेंगे।पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी नई परंपरा की अनुमति न दी जाए और त्योहार पारंपरिक तरीके से ही मनाया जाए। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसके अतिरिक्त, पुलिस द्वारा पैदल गश्त भी बढ़ाई जाएगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट को तुरंत रोका जा सके। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सीओ सिटी प्रखर पांडेय, नायब तहसीलदार राजीव कुमार और नगर पालिका अधिशासी अधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसमें सभी समुदायों के लोगों ने भाग लिया। अधिकारियों ने आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की, जिस पर उपस्थित लोगों ने प्रशासन को सहयोग देने और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने का भरोसा दिलाया।


