रमजान के समापन के बाद शनिवार को सिंगरौली जिले में ईद का त्योहार हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हजारों मुस्लिम भाइयों ने नमाज अदा कर देश की तरक्की, खुशहाली और अमन-चैन के लिए दुआ मांगी। गोसलवारा जामा मस्जिद (बड़ी मस्जिद), मदीना मस्जिद मोरवा और ईदगाह वैढ़न सहित आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग नमाज के लिए पहुंचे। मदीना मस्जिद में मोहम्मद इफ्तखार ने नमाज अदा कराई, जबकि गोसलवारा जामा मस्जिद में मौलाना मोहम्मद इम्तियाज ने ईद की नमाज पढ़ाई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां साझा कीं। देखिए तस्वीरें… नमाज के बाद बच्चों ने बड़ों से ईदी मांगी ईद के मौके पर बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। नमाज के बाद बच्चों ने बड़ों से ईदी मांगी, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। दिनभर ईद मिलन का दौर चलता रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा। त्योहार को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मस्जिदों और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। एसडीओपी गौरव पाण्डेय, सीएसपी विंध्यनगर उमेश प्रजापति और मोरवा निरीक्षक कपूर त्रिपाठी ने क्षेत्र का निरीक्षण कर नमाजियों को ईद की शुभकामनाएं दीं।


