पठानकोट में गुंडागर्दी का नंगा नाच:मामूली रंजिश में चले दातर, घर में घुसकर युवक की टांगें काटीं, माता-पिता भी घायल

पठानकोट में गुंडागर्दी का नंगा नाच:मामूली रंजिश में चले दातर, घर में घुसकर युवक की टांगें काटीं, माता-पिता भी घायल

पठानकोट के शिव नगर में बीती रात गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। जहां मामूली रंजिश के चलते 8 से 10 युवकों ने घर में घुसकर एक परिवार पर हमला कर दिया। हमलावरों ने एक युवक की दोनों टांगों और सिर पर दातर से हमला किया। जिससे युवक की दोनों टांगे बुरी तरह कट गईं। वहीं, हमलावरों ने युवक की माता के माथे पर भी दातर से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया और पिता के हाथ भी तेजधार हथियार से जख्मी हो गए। हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ भी की और घर में खड़े वाहनों पर भी तेजधार हथियार बरसाए। घायलों की पहचान शिव नगर निवासी 24 वर्षीय अर्जुन उर्फ रिक्की, उसके पिता राजकुमार और माता शमां के तौर पर हुई है। अब थाना 2 पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द की पकड़ सलाखों के पीछे धकेला जाएगा।
बाइक टकराने से हुई बहस बनी रंजिश की वजह
घायल अर्जुन के भाई अजय ने बताया कि कुछ समय पहले अर्जुन और ढाकी के रहने वाले उक्त युवकों की बाइक बाजार में टकराई थी। इस दौरान अर्जुन से उनकी बहस भी हुई थी। अजय ने बताया कि अर्जुन ने उनसे माफी भी मांगी। लेकिन, उक्त युवक नहीं माने। उस दिन के बाद से लगातार उक्त युवक अर्जुन को रंजिश निकालने की धमकियां दे रहे थे। 8-10 युवकों ने घर में घुसकर किया हमला
अजय ने बताया कि बीती रात 10 बजे के आसपास हथियारों से लैस 8 से 10 युवक उनके घर में घुस आए और घर के अंदर मौजूद अर्जुन पर सबसे पहले हमला कर दिया। हमलावरों ने अर्जुन की दोनों टांगों पर दातर मारे, जिससे उसकी दोनों टांगों पर गहरे कट लग गए। अर्जुन को बचाने आए माता-पिता पर भी दातरों से हमला कर दिया। पिता राजकुमार के हाथ पर गहरे कट लगे, जबकि, माता शमां के माथे पर दातर चला दिया। जिससे वे बेहोश हो गई। किसी तरह मोहल्ला वासी और रिश्तेदार उन्हे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन, गंभीर हालत के देखते हुए अर्जुन को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घर में की गई तोड़फोड़
अजय ने बताया कि हमलावरों ने पहले घर का गेट तोड़ा और फिर गालियां बकते हुए अंदर घुस आए। अर्जुन अभी घर पहुंचा ही था। हमला करने आए कुछ युवकों ने परिवार पर हमला कर दिया तो कुछ घर में खड़े वाहनों में तोड़फोड़ करने लगे। हमलावरों ने घर के अंदर खड़ी बाइक, स्कूटी पर भी तेजधार हथियार बरसाए। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी है। हमले का वीडियो भी आया सामने
बता दें, शिव नगर में हुई इस वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें हमलावर घर में घुसते और बाहर निकलते दिख रहे हैं। इनमें कुछ युवकों के हाथों में तेजधार हथियार भी दिख रहे हैं। वीडियो में मोहल्लावासी महिलाएं हमलावरों को कोस रही हैं और मोहल्ले में दोबारा ना आने की बात कह रही हैं।
एक साल तक खड़ा नहीं हो पाएगा अर्जुन
अजय ने बताया कि अर्जुन की दोनों टांगें बुरी तरह कटी हैं। जख्म काफी गहरे हैं साथ ही दोनों पैर टूट चुके हैं। डाक्टरों ने देर रात ऑपरेशन किया है। फिर भी खून अधिक बहने से अर्जुन की हालत चिंताजनक बनी है। डाक्टरों ने कहा है कि अर्जुन कम से कम एक साल तक खड़ा नहीं हो पाएगा। आरोपी खुले घूम रहे, दे रहे धमकियां
अजय ने बताया कि हमलावर पूरे परिवार को घायल कर फरार हो गए। पुलिस ने अभी तक कार्रवाई नहीं की। कोई हमलावर गिरफ्तार नहीं हुआ। आरोपी खुले घूम रहे हैं। बार-बार धमकियां दे रहे हैं। अब पुलिस जल्द से जल्द कार्रवाई करे। ताकि, बाकी परिवार सुरक्षित रह सके। पुलिस करेगी सख्त कार्रवाई – डीएसपी
डीएसपी सिटी विपिन कुमार का कहना है कि उक्त मामले में शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपियों की धरपकड़ की कोशिश जारी है। जांच भी जारी है। जो लोग आरोपी पाए जाएंगे, उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *