नागौर. सैनिक क्षत्रिय माली संस्थान की ओर से गुरुवार को हुए पंचम सामूहिक विवाह समारोह वैदिक मंत्रों के साथ 70 जोड़े विधिवत वैवाहिक बंधन में बंधे। सुबह 9 बजे माली संस्थान हनुमान बाग से 70 वर राजाओं की सामूहिक बारात एक साथ रवाना हुई। सजे-धजे परिधान में वरराजा खुली जीपों व बग्गियों में सवार होकर बैंड-बाजों की धुन पर निकले। पूरे मार्ग पर बारात का पुष्प वर्षा से स्वागत होता रहा। बारात चुंगी नाका, पंवारों का बास, बडक़ी बस्ती, जगावता मोहल्ला और सांखला बस्ती से होते हुए गुजरी। इन रास्तों पर फूलों की बारिश होती रही। कई स्थानों पर स्टेज बनाकर और जेसीबी पर खड़े होकर गुलाब की पंखुडिय़ों से बारात का स्वागत किया गया। भारत माता की जय और संत शिरोमणि लिखमीदास महाराज के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।
विवाह स्थल पर विधिवत संपन्न हुए फेरे
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चेनार के समीप सुसज्जित राम जानकी विवाह मंडप में पंडित सुनील दाधीच के नेतृत्व में पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी 70 जोड़ों का विवाह संपन्न करवाया। परिवारजनों ने वधू का हाथ वर के हाथ में सौंपकर सुखद एवं मंगलमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। वधुओं को सजी-धजी बसों के माध्यम से विवाह स्थल तक लाया गया। जहां वर पक्ष के साथ विधि-विधान संपन्न हुए।
औरंगाबाद से आया सिख परिवार, की प्रशंसा
संस्कार विजय कच्छावा की ओर से महाराष्ट्र के औरंगाबाद से चंडोक सिख परिवार शामिल हुआ। माता प्रितपाल कौर, पुत्र जसविंदर सिंह सहित परिवारजन समारोह में पहुंचे और आयोजन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक आयोजन समाज में व्यर्थ खर्च को कम करने का प्रभावी माध्यम हैं, और भोजन की बर्बादी रोकने पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
गणमान्य जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद
सामूहिक विवाह में संत शिरोमणि लिखमीदासजी महाराज स्मारक विकास संस्थान, अमरपुरा नागौर के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ज्योति मिर्धा व संत राजाराम महाराज आदि ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में सैनिक क्षत्रिय माली परिषद हैदराबाद के अध्यक्ष राम वल्लभ भाटी , नानी बाई, अध्यक्ष बलदेवराम भाटी, सैनिक क्षत्रिय माली संस्थान के पूर्व अध्यक्ष रामस्वरूप पंवार, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा सोलंकी, राम सिंह सोलंकी, आईदान राम भाटी, कानाराम टाक, सुगनाराम गहलोत सुरेश सोलंकी, खींवराज टाक, कमल भाटी,पारसमल परिहार, धर्मेंद्र सोलंकी, कृपाराम गहलोत, लोकेश टाक, ओम ्रकाश सेन, आयोजन समिति के संरक्षक राजेंद्र पंवार, सचिव सूरजमल भाटी, सुनील सांखला, देव किशन सोलंकी, पन्नालाल सोलंकी, कार्यालय टीम के टीकमचंद कच्छावा, रूपचंद टाक, रामेश्वर सैनी, राधेश्याम टाक, नरेंद्र पंवार, कृपाराम टाक, रामकुमार भाटी
पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान
आयोजन में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गई। पेयजल के लिए टैंकर और कैंपर की व्यवस्था की गई तथा पूरे कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक और डिस्पोजेबल गिलास का उपयोग नहीं किया गया। सामाजिक समरसता, सादगी और पर्यावरण जागरूकता के संदेश के साथ पंचम सामूहिक विवाह समारोह संपन्न हुआ।


