नागौर. बीकानेर से अजमेर के बीच रोडवेज बस सेवा शुरू होने से अब यात्रियों को निजी बस संचालकों की मनमानी किराया वसूली से राहत मिली है। अब तक रोडवेज की तय दर से डेढ़ गुना तक किराया वसूलने वाले निजी बस संचालक यात्रियों की जेब पर कैंची चलाते थे, लेकिन रोडवेज सेवा शुरू होने से यह स्थिति बदल गई है। अब तक बीकानेर जिले से अजमेर के लिए शाम साढ़े चार बजे के बाद कोई नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। नागौर से भी शाम को साढ़े 7 बजे के बाद कोई बस सेवा अजमेर के लिए उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में यात्रियों को मजबूरी में महंगी निजी बसों का सहारा लेना पड़ता था। अब रोडवेज की इस नई बस सेवा से बीकानेर, नोखा, नागौर, कुचेरा, मेड़ता, पादु, पुष्कर और अजमेर के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
बस का समय और मार्ग
रोडवेज की यह बस अजमेर डिपो से संचालित की जा रही है।
अजमेर से बीकानेर के लिए डेली सेवा सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर रवाना होगी। यह बस मेडता सिटी दोपहर 12 बजकर 30 मिनट, नागौर दोपहर 2 बजकर 30 मिनट, नोखा शाम 4 बजकर 30 मिनट, बीकानेर शाम 5 बजकर 30 मिनट पहुंचेगी। वहीं बीकानेर से अजमेर के लिए नाइट सेवा रात 9 बजकर 15 मिनट पर रवाना होगी। यह बस नोखा रात 11 बजे, नागौर रात 12 बजे, मेडता सिटी रात 2 बजे, अजमेर सुबह 4 बजकर 15 मिनट पहुंचेगी।
किराए में भी मिलेगी राहत
इस बस सेवा में महिलाओं और सीनियर सिटिजन को आधा किराया देना होगा। नागौर से अजमेर के लिए सामान्य यात्रियों का किराया लगभग 180 रुपए तथा महिलाओं के लिए करीब 100 रुपए तय किया गया है। नागौर से यह बस रात 12 बजे रवाना होगी, जिससे रात्रिकालीन यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। नागौर बस स्टैंड पर रात्रि में मिले परिचालक आनंद सिंह ने बताया कि यह बस सेवा अजमेर आगार के मुख्य प्रबंधक रवि शर्मा और प्रबंधक यातायात बलवंत सिंह राठोड़ के प्रयासों से शुरू हो पाई है। अब इसका नियमित संचालन तय समय अनुसार किया जाएगा।


