हनुमानगढ़ टाउन से बूढ़ा जोड़ तक निकलेगा नगर कीर्तन:17 जनवरी को होगा विशाल आयोजन, तैयारियों को लेकर हुई बैठक

हनुमानगढ़ टाउन में पंथक सेवा समिति और गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह–शहीद बाबा मेहताब सिंह द्वारा 17 जनवरी को एक विशाल नगर कीर्तन निकाला जाएगा। यह नगर कीर्तन हनुमानगढ़ टाउन से बूढ़ा जोड़ स्थित पावन स्थल तक पहुंचेगा। नगर कीर्तन की तैयारियों को लेकर गुरुद्वारा परिसर में एक बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता मुख्य सेवादार बाबा जग्गा सिंह ने की। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने पर विचार-विमर्श हुआ और विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए सेवादारों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस दौरान नगर कीर्तन का विस्तृत मार्ग भी तय किया गया। मुख्य सेवादार बाबा जग्गा सिंह ने बताया कि यह नगर कीर्तन महान शहीद बाबा सुखा सिंह और शहीद बाबा मेहताब सिंह की स्मृति को समर्पित है। इन शहीदों ने श्री अमृतसर साहिब की पवित्रता भंग करने वाले मस्सा रंगड़ को दंडित कर गुरु मर्यादा की रक्षा की थी। परंपरा के अनुसार मस्सा रंगड़ का सिर कलम करने के बाद दोनों शहीद हनुमानगढ़ होते हुए बूढ़ा जोड़ पहुंचे थे, जहां उनकी शौर्यगाथा की याद में गुरुद्वारा स्थापित है। नगर कीर्तन प्रातः 7 बजे गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह–शहीद बाबा मेहताब सिंह, हनुमानगढ़ टाउन से शुरू होगा। यह रामसरा नारायण, फतेहगढ़ कालीबंगा, पीलीबंगा, लखमीसर, भारेवाली ढाणी, ढाबा झालार, भागवानसर, रिड़मलसर और चक 32 एमएल से होते हुए बूढ़ा जोड़ के पवित्र स्थान पर समाप्त होगा। इस दौरान प्रसिद्ध रागी, ढाडी, कविशरी जत्थे और कथावाचक गुरु इतिहास का गुणगान करेंगे। बैठक में प्रधान गुरबुटा सिंह बराड़, उपप्रधान जगदीप सिंह, बाबा मंगल सिंह (गुरमत स्कूल श्रीनगर), बाबा हरजिंद्र सिंह, हजूरी कथावाचक, श्री दमदमा साहिब, जगमीत सिंह, बाबा दयाल सिंह और जगसीर जटाना सहित कई सेवादार उपस्थित थे। आयोजकों ने समस्त साध-संगत से अपील की है कि वे इस पवित्र समागम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *