हरदोई पुलिस ने एक महीने पहले हुई हत्या का खुलासा किया है। अतरौली थाना क्षेत्र में एक युवक ने मामूली मजाक और गाली-गलौज से नाराज होकर सोते समय एक व्यक्ति की डंडे से पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है। यह घटना हरदोई के थाना अतरौली क्षेत्र के ग्राम आदमपुर में 12 मार्च 2026 को सामने आई थी। गांव निवासी केशन पुत्र भिन्ना का शव उनके घर में तख्त के नीचे संदिग्ध अवस्था में मिला था। मृतक की नाक से खून बह रहा था और जीभ दांतों के बीच दबी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए और अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर बेनीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मल्लनपुर निवासी गुड्डू उर्फ ओमकार को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी गुड्डू उर्फ ओमकार ने हत्या की बात कबूल की। उसने बताया कि 11 मार्च को वह दवा लेने आदमपुर गया था, जहां मृतक केशन ने उसके साथ मजाक किया और भद्दी गालियां दीं। इसी बात से नाराज होकर उसने रात में केशन के घर में घुसकर सोते समय डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक सतीश चन्द्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


