फतेहपुर में एक घर में मां, बेटे और देवर का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस हत्या और सुसाइड के एंगल पर जांच कर रही है। मामला सदर कोतवाली इलाके का है। चौफेरवा गांव निवासी सुनील उर्फ गुड्डू श्रीवास्तव (52) अपने बड़े भाई सुशील कुमार श्रीवास्तव, भाभी सुशीला श्रीवास्तव (55) और भतीजे अमर के साथ रहते थे। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे जब सुशील श्रीवास्तव घर पहुंचे, तो उन्होंने दरवाजा अंदर से बंद पाया। सुशील ने लोहे की रॉड से दरवाजा तोड़ा और अंदर देखा। उनकी पत्नी सुशीला और पुत्र अमर खून से लथपथ पड़े थे। सुनील उर्फ गुड्डू श्रीवास्तव की सांसें चल रही थीं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल सुनील को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


