बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र में रहने वाली इवेंट मैनेजर पूजा राणा की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि 12 जनवरी को घर से लापता हुई पूजा राणा की तलाश के दौरान सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले, जिसमें वह विमल कुमार नामक युवक की गाड़ी में जाती दिखीं। पुलिस की पूछताछ में आरोपी विमल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पैसों के विवाद और शराब के नशे में उसने पूजा की गला दबाकर हत्या कर दी थी। मोबाइल बरामद करने ले गई पुलिस पर फायरिंग आरोपी ने शव को केसीएमटी के पास जंगल में दबा दिया था और मृतका की स्कूटी को पीलीभीत की बड़ी नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार, 23 जनवरी को पुलिस आरोपी विमल कुमार को मृतका की स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद कराने के लिए ले गई थी। पीलीभीत से स्कूटी बरामद करने के बाद, जब पुलिस टीम उसे मोबाइल ढूंढने के लिए बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के बीडीए रामगंगा कॉलोनी लेकर पहुंची, तो आरोपी ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की। वहां पहले से छिपाकर रखे गए एक लोडेड तमंचे से विमल ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा बरामद मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और पुलिस पर हमला करने जैसी गंभीर धाराओं (103(1), 238, 87 BNS) के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।


