एक्ट्रेस लाना क्लार्कसन का मर्डर अब भी मिस्ट्री:लाश कुर्सी पर, दांत जमीन पर बिखरे मिले; हत्यारे म्यूजिक प्रोड्यूसर की जेल में मौत

एक्ट्रेस लाना क्लार्कसन का मर्डर अब भी मिस्ट्री:लाश कुर्सी पर, दांत जमीन पर बिखरे मिले; हत्यारे म्यूजिक प्रोड्यूसर की जेल में मौत

3 फरवरी 2003 की बात है। फिल्मी करियर खत्म होने के बाद एक्ट्रेस और मॉडल लाना क्लार्कसन अपने घर चलाने के लिए वेस्ट हॉलीवुड के एक क्लब हाउस ऑफ ब्लूज में पार्ट-टाइम काम करने लगी थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात मशहूर म्यूजिक प्रोड्यूसर फिल स्पेक्टर से हुई। पहली ही मुलाकात में दोनों एक साथ फिल के घर चले गए। फिल स्पेक्टर का घर बहुत बड़ा और सुंदर था। वह म्यूजिक इंडस्ट्री में एक जाना माना नाम था। शायद लाना को उम्मीद थी कि यह मुलाकात उसके करियर को फिर से शुरू करने में मदद कर सकती है। लेकिन तभी, करीब सुबह 5:30 बजे फिल का ड्राइवर कार में बैठा रेडियो सुन रहा था कि अचानक उसे गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दी। हैरान होकर जब वह देखने गया तो उसने देखा कि लाना क्लार्कसन की लाश फर्श पर पड़ी थी। तुरंत बाद ड्राइवर ने 911 पर कॉल किया और कहा, मुझे लगता है मेरे बॉस ने किसी को मार दिया है। अब सवाल यह उठता है कि आखिर ड्राइवर ने सीधे क्यों फिल को हत्या का दोषी माना। क्या वह झूठ बोल रहा था या इसके पीछे कोई और कहानी थी? आज अनसुनी दास्तानें में पढ़िए एक्ट्रेस और मॉडल लाना क्लार्कसन की मौत की दर्दनाक कहानी… लाना क्लार्कसन का जन्म कैलिफोर्निया के लॉन्ग बीच में हुआ था। उनके माता-पिता का नाम डोना क्लार्कसन और जेम्स एम. क्लार्कसन था। उनके एक भाई जेसी जे. क्लार्कसन और एक बहन फॉन थीं। उनका बचपन कैलिफोर्निया के सोनोमा काउंटी की पहाड़ियों में बीता। वहां रहते हुए उन्होंने क्लोवरडेल हाई स्कूल और पैसिफिक यूनियन कॉलेज प्रिपरेटरी स्कूल में पढ़ाई की। 1978 में क्रिसमस के दौरान उनका परिवार वापस साउथ कैलिफोर्निया लौटा और लॉस एंजेलिस के सैन फर्नांडो वैली इलाके में बस गया। लॉस एंजेलिस आने के बाद लाना का मन धीरे-धीरे मनोरंजन जगत की ओर बढ़ने लगा। अपनी खूबसूरती और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने एक्टिंग और मॉडलिंग में करियर बनाने का फैसला किया। 1980 के शुरुआती सालों में लाना क्लार्कसन को फिल्मों और टेलीविजन में छोटे-छोटे रोल मिलने लगे। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत निर्देशक एमी हेकरलिंग की कमिंग-ऑफ-एज कॉमेडी Fast Times at Ridgemont High (1982) से की और यह उनकी पहली बोलने वाली फिल्म थी। इसके बाद वह सरफेस (1983) में भी नजर आईं, जहां वह मिशेल फाइफर के पीछे बाबिलॉन क्लब के डांस फ्लोर पर दिखाई दीं। हालांकि, उनके करियर का पहला बड़ा मौका निको मस्टोराकिस की साइंस-फिक्शन थ्रिलर फिल्म Blind Date से मिला, जिसने उन्हें अधिक पहचान दिलाई। लाना क्लार्कसन को एक्ट्रेस के तौर पर सबसे ज्यादा पहचान निर्माता रोजर कॉर्मन की फैंटेसी फिल्म डेल्थस्टाल्कर (1983) से मिली। इसके बाद उन्हें लगातार फिल्मों में काम मिलने लगा। अब लाना सिर्फ फिल्मों तक ही सीमित नहीं थीं। उन्हें कई एड्स और मॉडलिंग के काम भी मिल रहे थे। इंडस्ट्री में उनकी एक अलग पहचान बन चुकी थी और उनका करियर लगातार बढ़ रहा था। लेकिन जैसे-जैसे लाना की उम्र बढ़ने लगी, उनका करियर धीमा पड़ने लगा। कहा जाता है कि 30 साल के बाद कई हीरोइन्स को बड़ी फिल्में कम मिलने लगती हैं, और कुछ ऐसा ही लाना के साथ भी होने लगा। उनके पास बड़े प्रोजेक्ट्स के ऑफर नहीं आए और एक समय ऐसा आया जब उन्हें कोई काम नहीं मिला। इसके बाद जनवरी 2003 में पैसों की जरूरत के चलते लाना ने वेस्ट हॉलीवुड, कैलिफोर्निया के हाउस ऑफ ब्लूज में पार्ट-टाइम होस्टेस की नौकरी शुरू की। यहां वह लोगों का स्वागत करती थीं। हाउस ऑफ ब्लूज वह जगह थी जो दशकों तक संगीत प्रेमियों और सेलिब्रिटीज की पसंदीदा रही, लेकिन 2015 में इसे तोड़ दिया गया। 3 फरवरी 2003 को लाना की पहली मुलाकात म्यूजिक प्रोड्यूसर फिल स्पेक्टर से हुई। करीब 1:45 बजे फिल हाउस ऑफ ब्लूज पहुंचे और सीधे फाउंडेशन रूम यानी क्लब के VIP सेक्शन में गए। वहां लाना होस्टेस के तौर पर खड़ी थीं और लोगों का स्वागत और चेक-इन कर रही थीं। यहीं उनकी पहली मुलाकात हुई। फिल ने महंगी शैंपेन मंगवाई और दोनों की बातचीत शुरू हुई। फिर करीब 2:30 बजे फिल और लाना एक साथ उनकी कार से अल्हाम्ब्रा स्थित फिल के घर चले गए। उस समय लाना फिल्मों में काम नहीं कर रही थीं और हाउस ऑफ ब्लूज में होस्टेस की नौकरी कर रही थीं। लोग उनके काम और करियर को लेकर कई तरह की बातें कर रहे थे, लेकिन असली सच क्या था यह स्पष्ट नहीं था। इतना जरूर है कि उसी रात उनकी फिल स्पेक्टर से मुलाकात हुई और वे उनके साथ उनके घर चली गईं। फिल स्पेक्टर का घर काफी बड़ा और सुंदर था। लगभग 10,000 वर्गफुट का, जिसमें 10 बेडरूम और 11 बाथरूम थे। फिल कोई आम इंसान नहीं थे। उन्हें रॉक एंड रोल हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था और म्यूजिक इंडस्ट्री में उन्हें एक जीनियस माना जाता था। वह बेहद प्रतिभाशाली और मशहूर म्यूजिक प्रोड्यूसर थे। लेकिन उनका स्वभाव सही नहीं था। लोग कहते थे कि वह जल्दी गुस्सा हो जाते थे। खासकर जब उन्होंने शराब या ड्रग्स ली होती। उनके बारे में कई किस्से मशहूर थे कि वह अचानक बंदूक निकालकर लोगों को डराते थे। उनकी पत्नी रोनी स्पेक्टर ने बताया कि शादी की रात ही उन्होंने धमकी दी थी कि अगर वह उन्हें छोड़ देंगी तो उन्हें नुकसान पहुंचाएंगे।
करीब सुबह 5:30 बजे फिल का ड्राइवर कार में बैठा रेडियो सुन रहा था कि अचानक उसे गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दी। हैरान होकर जब वह देखने गया, तो उसने देखा कि लाना क्लार्कसन की लाश वहां पड़ी थी। तुरंत बाद ड्राइवर ने पहले फिल की सेक्रेटरी को फोन किया और फिर 911 पर कॉल किया। उसने कहा,
मेरा नाम एड्रियाना है। मुझे लगता है कि मेरे बॉस ने किसी को मार दिया है। कुछ ही मिनटों में पुलिस वहां पहुंच गई। ड्राइवर से बात करने के बाद वे धीरे-धीरे मेन्शन की ओर बढ़े। घर जंगल जैसी जगह से घिरा हुआ था, इसलिए पुलिस को अंदाजा नहीं था कि अंदर क्या हालात होंगे। वे बहुत सावधानी से आगे बढ़ रहे थे। तभी दरवाजा खुला और फिल स्पेक्टर बाहर आए। वह उलझी-उलझी बातें कर रहे थे और साफ बोल नहीं पा रहे थे। पुलिस को लगा कि वह नशे में हैं। फिल का नाइटशर्ट खून से सना हुआ था। वह धीरे-धीरे वापस पीछे हटना लगे। पुलिस उसे नजर से ओझल नहीं होने देना चाहती थी, इसलिए उन्होंने उस पर टेजर चलाया, लेकिन टेजर उसकी शर्ट में उलझ गया और वह गिरा नहीं, तभी दो अधिकारी बैलिस्टिक शील्ड लेकर उसकी ओर दौड़े और उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद दो अन्य पुलिसकर्मी अंदर भागे। घर के हॉल में उन्हें लाना क्लार्कसन की लाश मिली। वह खून से लथपथ थी और पास के कालीन पर उसके दांत बिखरे हुए थे। जांच अधिकारियों के अनुसार, लाना एक कुर्सी पर अकड़ी हुई बैठी थीं, उसके पैर सामने की ओर फैले थे। जांच में यह भी पाया गया कि लाना के पैर के पास एक .38 कैलिबर कोल्ट रिवॉल्वर पड़ी थी। बंदूक में 6 गोलियों में से 5 गोलियां भरी हुई थीं और 1 गोली चल चुकी थी। लाना के सामने कारपेट पर दो टेजर डार्ट और उनकी तारें पड़ी थीं। सीढ़ियों के पास छोटे-छोटे सफेद टुकड़े मिले, जो उनके दांत के हिस्से लग रहे थे। कुछ और टुकड़े सीढ़ियों पर भी पड़े थे। लाना के पर्स में उसकी लंबी काली स्कर्ट और लंबे काले दस्ताने मिले। लाना की मां के अनुसार, वह काम पर जाते समय वही लंबी काली स्कर्ट पहनकर गई थीं। उसके पर्स से कुछ प्रिस्क्रिप्शन और सामान्य दवाइयां भी बरामद हुईं। बंदूक और दांत के टुकड़ों समेत सभी सबूत लॉस एंजेलिस शेरिफ विभाग ने जब्त कर लिए और इसी के आधार पर फिल को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसने कहा, मेरा उसे मारने का इरादा नहीं था। जब यह मामला कोर्ट में चला तो फिल अपने बचाव में लाना की छवि खराब करने की कोशिश करने लगा। उसने कहा कि वह एक संघर्ष कर रही एक्ट्रेस थी और उसका फायदा उठाना चाहती थी। यह भी दलील दी गई कि उसने फिल के घर में खुदकुशी कर ली। पुलिस जांच में साफ लिखा था कि लाना का पहले कभी खुद को नुकसान पहुंचाने का कोई इतिहास नहीं था और मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला। पुलिस रिपोर्ट हालात और पोस्टमॉर्टम के आधार पर मौत को हत्या (हॉमिसाइड) माना गया था। पहला ट्रायल छह महीने चला, लेकिन जूरी किसी फैसले पर नहीं पहुंच सकी। इसलिए उसे मिस्ट्रायल घोषित कर दिया गया। एक साल बाद दोबारा ट्रायल शुरू हुआ। इस बार 2009 में फिल स्पेक्टर को सेकंड-डिग्री मर्डर का दोषी ठहराया गया। साथ ही अपराध में बंदूक के इस्तेमाल के लिए अतिरिक्त सजा भी मिली। 29 मई 2009 को उसे 19 साल से उम्रकैद की सजा सुनाई गई। उसने लगभग 11 साल जेल में बिताए। 16 जनवरी 2021 को जेल में ही उसकी मौत हो गई। वह 81 साल का था और बताया गया कि उसकी मौत कोविड-19 के कारण हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *