सोनीपत में साल 2023 में एक मर्डर केस में आरोपी रहे युवक ने जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद आत्महत्या कर ली। युवक ने गांव में स्थित अपने घर के चौबारे के कमरे में फांसी का फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था और सामान्य जीवन की ओर लौटने की कोशिश कर रहा था। उसने एक दिन पहले ही फैक्ट्री में नौकरी जॉइन की थी, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद कदम उठा लिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
जमानत पर बाहर आने के बाद किया सुसाइड गांव मलिक पुर के रहने वाला मोहित साल 2023 में घसौली गांव के लाखन मर्डर केस में आरोपी था और लंबे समय से जेल में बंद था। करीब दो महीने पहले उसे जमानत मिली थी, जिसके बाद वह अपने परिवार के साथ रह रहा था और नई शुरुआत की कोशिश कर रहा था। 2023 में शराब के दौरान हुई कहासुनी बनी थी हत्या की वजह साल 2023 में घसौली गांव निवासी लाखन की हत्या शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद कर दी गई थी। आरोप है कि दोस्तों ने मिलकर लाखन के पेट में बोतल मारकर उसकी हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मलिकपुर से ग्यासपुर मार्ग पर स्थित बंद पड़ी रेत की खान में करीब दो फुट गहरा गड्ढा खोदकर दबा दिया था। लाखन के घर न लौटने पर उसकी पत्नी ने थाना बड़ी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस जांच के दौरान मलिकपुर गांव के तुषार को हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ में हत्या का खुलासा किया। इस मामले में मोहित और उसका भाई रोहित भी आरोपी बनाए गए थे।
भाई के साथ नया जीवन शुरू करने की थी तैयारी
मोहित और रोहित दोनों भाई जमानत पर बाहर आने के बाद सामान्य जीवन जीना चाहते थे। रोहित करीब डेढ़ महीने पहले जेल से बाहर आया था और फैक्ट्री में नौकरी कर रहा था। उसी ने अपने भाई मोहित के लिए भी नौकरी की बात की थी। मंगलवार को मोहित को फैक्ट्री में काम के लिए पहले दिन बुलाया गया था। पहले दिन ही मिली नाइट ड्यूटी, फिर लौटा घर
परिजनों के अनुसार फैक्ट्री में पहले दिन मोहित को सुपरवाइजर ने रात की ड्यूटी के लिए कहा था, जिसके बाद वह घर लौट आया। वीरवार की रात से डयूटी पर जाना था। उसी रात वह घर के चौबारे वाले कमरे में सोने चला गया।
मोहित के चाचा ने बताया कि सुबह जब परिजन उसे उठाने गए तो वह चौबारे के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। यह देख परिवार में कोहराम मच गया। मोहित अविवाहित था और उसके माता-पिता व भाई पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सुसाइड के कारणों का नहीं चला पता
फिलहाल मोहित द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों ने किसी तरह के तनाव या दबाव की स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों को खंगालने में जुटी है।


