-छुट्टियों के बीच राजस्व वसूली जारी, प्रापर्टी में घटी रुचि, सोने में निवेश की बढ़ी प्रवृत्ति
बैतूल। ईद के अवसर पर शनिवार को जहां अधिकांश सरकारी कार्यालयों में अवकाश रहा, वहीं राजस्व संग्रहण से जुड़े कुछ विभागों ने कामकाज जारी रखा। राजस्व वसूली को प्रभावित न होने देने के उद्देश्य से नगरपालिका की राजस्व शाखा तथा उप पंजीयक कार्यालय शनिवार को भी खुले रहे। हालांकि अवकाश के कारण इन कार्यालयों में आम दिनों की तुलना में लोगों की आवाजाही काफी कम रही। नगरपालिका के राजस्व विभाग में सुबह से ही कर संग्रहण का कार्य शुरू हो गया था और शाम तक चलता रहा, लेकिन कार्यालय में भीड़ न के बराबर दिखाई दी। इक्का-दुक्का लोग ही अपने करों का भुगतान करने पहुंचे। कर्मचारियों के अनुसार छुट्टियों के चलते अधिकांश लोग दफ्तर नहीं पहुंच पाए, जिससे अपेक्षित राजस्व संग्रहण नहीं हो सका।
इसी तरह उप पंजीयक कार्यालय में भी संपत्ति पंजीयन की प्रक्रिया जारी रही। यहां भी दिनभर सन्नाटा जैसा माहौल रहा और गिने-चुने लोग ही दस्तावेजों के पंजीयन के लिए पहुंचे। बताया गया कि सामान्य दिनों में जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, वहीं इस बार संख्या काफी सीमित रही। उल्लेखनीय है कि 19 मार्च को गुड़ी पड़वा से शुरू हुई सरकारी छुट्टियां 22 मार्च रविवार तक जारी हैं। लगातार चार दिनों के अवकाश के कारण अधिकांश शासकीय कार्यालय बंद हैं। ऐसी स्थिति में केवल राजस्व संग्रहण और संपत्ति पंजीयन से जुड़े कार्यालयों को ही सीमित रूप से खोला गया है, ताकि सरकारी आय प्रभावित न हो। जानकारों के अनुसार चैत्र नवरात्र के दौरान जमीन की खरीद-फरोख्त को शुभ माना जाता है, जिसके चलते हर साल इस अवधि में संपत्ति पंजीयन में तेजी देखने को मिलती है। इसके अलावा अप्रेल से नई गाइडलाइन दरें लागू होने की संभावना के कारण भी मार्च माह में आमतौर पर पंजीयन की संख्या बढ़ जाती है। इसके बावजूद इस वर्ष अपेक्षित उत्साह दिखाई नहीं दे रहा है। बताया गया उप पंजीयक कार्यालय में पंजीयन के लिए प्रतिदिन लगभग 35 से 40 स्लॉट निर्धारित किए गए हैं, लेकिन इनमें से कई खाली रह रहे हैं। यह भी सामने आया है कि वर्तमान समय में लोग जमीन के बजाय सोने में निवेश को अधिक सुरक्षित मान रहे हैं। यही वजह है कि नवरात्र जैसे शुभ मुहूर्त में भी इस बार प्रॉपर्टी बाजार अपेक्षाकृत ठंडा नजर आ रहा है।
इनका कहना
- सरकारी आदेश हैं इसलिए राजस्व शाखा का संचालन छुट्टी के दिन भी किया जा रहा है। लोगों की सुविधा के मद्देनजर पूर्व में सूचना भी जारी कराई गई थी। हालांकि छुट्टी की वजह से शनिवार को टैक्स जमा करने वालों की संख्या काफी कम रही।
- ब्रजगोपाल परते, वरिष्ठ राजस्व निरीक्षक बैतूल।


