रांची नगर निगम चुनाव में सोमवार को मतदान शांतिपूर्ण रहा, लेकिन मतदाताओं का उत्साह अपेक्षा से काफी कम दिखाई दिया। सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे समाप्त हुआ, पर पूरे दिन मतदान केंद्रों पर भीड़ का अभाव बना रहा। मतदाताओं में इस बार भी वोटिंग के लिए कोई उत्साह नहीं दिखा। रांची में रांची नगर निगम चुनाव के दौरान मतदान की रफ्तार दिनभर उतार-चढ़ाव भरी रही। सुबह 7 से 9 बजे के बीच मतदान महज 7.28% रहा, जो शुरुआती चरण में न्यूनतम भागीदारी को दर्शाता है। इसके बाद 9 से 11 बजे के बीच मतदान में 7.79% की बढ़त दर्ज हुई और प्रतिशत बढ़कर 15.07% हो गया। दिन का सबसे सक्रिय समय 11 बजे से 1 बजे के बीच रहा, जब 9.83% की सबसे बड़ी बढ़त के साथ मतदान 24.90% तक पहुंच गया। हालांकि दोपहर बाद गति कुछ धीमी पड़ी, फिर भी 1 से 3 बजे के बीच 9.26% की वृद्धि दर्ज करते हुए मतदान 34.16% तक पहुंचा। अंतिम चरण में मतदाताओं की भागीदारी फिर बढ़ी और 3 से 5 बजे के बीच 9.19% की उछाल के साथ कुल मतदान 43.35% पर पहुंचकर दिन का समापन हुआ। कारोबारियों का इलाका, लेकिन बूथों पर सन्नाटा हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन मतदान केंद्र पर शाम 4:30 बजे तक मतदान की रफ्तार धीमी ही रही। इस केंद्र के एक बूथ पर कुल 1145 पंजीकृत मतदाता थे, जिनमें से उस समय तक केवल 383 ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। व्यापारिक गतिविधियों के लिए पहचाने जाने वाले इस क्षेत्र में मतदान के दिन दुकानें बंद रहने के बावजूद मतदाताओं में अपेक्षित उत्साह नहीं दिखा। हरमू क्षेत्र : पॉश इलाकों में भी ठंडी प्रतिक्रिया हरमू के पॉश इलाके में स्थित संत कुलदीप उच्च विद्यालय मतदान केंद्र पर शाम 4 बजे तक मतदाताओं में कोई विशेष उत्साह नहीं दिखा। इस केंद्र के एक बूथ पर कुल 1366 पंजीकृत मतदाता थे, जिनमें से केवल 385 मतदाताओं ने ही उस समय तक मतदान किया था। अपेक्षाकृत जागरूक माने जाने वाले इस क्षेत्र में भी मतदान की धीमी रफ्तार स्पष्ट रूप से देखी गई। मोरहाबादी : शिक्षित क्षेत्र, पर वोट के प्रति उदास मोरहाबादी क्षेत्र, जिसे शहर का प्रमुख पॉश इलाका माना जाता है, वहां भी मतदान को लेकर अपेक्षित उत्साह नहीं दिखा। रेड क्रॉस स्थित मतदान केंद्र पर दोपहर 1:10 बजे तक एक बूथ के 1196 पंजीकृत मतदाताओं में से केवल 189 ने ही मतदान किया था। शिक्षित और जागरूक माने जाने वाले इस क्षेत्र में कम मतदान हुआ। कर्बला चौक : वोट डालने में महिलाएं रहीं पुरुषों से आगे कर्बला चौक क्षेत्र, जो घनी आबादी वाला इलाका माना जाता है, वहां स्थित रांची नगर निगम वार्ड कार्यालय मतदान केंद्र पर दोपहर 1:30 बजे तक मतदान मध्यम गति से हुआ। इस केंद्र के एक बूथ पर कुल 1307 पंजीकृत मतदाता थे, जिनमें से डेढ़ बजे तक 387 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां पुरुषों की तुलना में महिलाएं अधिक देखी गईं। पुरुलिया रोड केंद्र : औसत रुझान, पर अपेक्षा से कम सहभागिता पुरुलिया रोड स्थित संत अलोईस प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर दोपहर 1:46 बजे तक मतदान की रफ्तार सीमित रही। इस केंद्र के एक बूथ पर कुल 856 पंजीकृत मतदाता थे, जिनमें से पौन दो बजे तक केवल 347 मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हालांकि यहां अन्य केंद्रों की तुलना में मतदाताओं में मतदान को लेकर कुछ हद तक रुचि और सक्रियता दिखाई दी। नेताओं ने डाले वोट पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने पुत्री यशस्विनी के साथ वोट डाला। रमा खलखो : लोयोला कॉन्वेंट स्कूल, हिनू में बने बूथ पर वोट डाला। शिल्पी नेहा तिर्की : संत अजय मिडिल स्कूल, बनहोरा में मतदान किया। रोशनी खलखो: वोट डाल कर लोकतांत्रिक कर्तव्य पूरा किया। केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ : मतदान करने अपने बूथ पर पहुंचे, कार्यकर्ताओं से भी मिले।


