मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव (Iran Israel War) के बीच एक दुखद घटना सामने आई है। इराक के पास एक तेल टैंकर पर ईरान द्वारा किए गए ड्रोन हमले में मुंबई के कांदिवली (पूर्व) निवासी मरीन इंजीनियर देवनंदन प्रसाद सिंह (Devanandan Prasad Singh) की मौत हो गई। वह अमेरिकी स्वामित्व वाले कच्चे तेल के टैंकर ‘सेफसी विष्णु’ (Safesea Vishnu) पर एडिशनल चीफ इंजीनियर के पद पर तैनात थे।
समंदर में ड्रोन अटैक
जानकारी के अनुसार, ईरान ने फारस की खाड़ी में दो दिन पहले अमेरिकी तेल टैंकर ‘सेफसी विष्णु’ (Safesea Vishnu) पर अंडरवॉटर ड्रोन से हमला किया था। इसी जहाज पर देवनंदन भी थे। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रात के अंधेरे में जहाज से आग की भयानक लपटें उठती दिख रही हैं।
ईरान ने खुद दावा किया था कि उसने अमेरिकी स्वामित्व वाले कच्चे तेल के टैंकर को निशाना बनाकर तबाह कर दिया है। इस जहाज पर देवनंदन सिंह (50) एडिशनल चीफ इंजीनियर (सुपरिंटेंडेंट) के पद पर तैनात थे। हमले के दौरान टैंकर में जोरदार विस्फोट हुआ और जहाज में आग लग गई। इस हमले में देवनंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हालांकि, जहाज पर मौजूद 15 अन्य भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
आग के गोले में तब्दील हुआ तेल का टैंकर
अधिकारियों के मुताबिक ड्रोन हमले के बाद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया।
देवनंदन प्रसाद सिंह मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। वह 2019 में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ मुंबई आकर बस गए थे। एक अनुभवी मरीन इंजीनियर के रूप में वह कई वर्षों से कार्गो जहाजों पर काम कर रहे थे और समुद्र में लंबी यात्राओं के दौरान जहाजों की तकनीकी जिम्मेदारी संभालते थे।
फफक पड़ी बेटी, बोली- पापा को फोन किया पर जवाब नहीं आया
देवनंदन अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। इस खबर के बाद से उनका परिवार पूरी तरह टूट गया है। देवनंदन सिंह की बेटी कोमल सिंह ने रोते हुए कहा, “जैसे ही हमें हमले की सूचना मिली, हमने उनसे (पिता) संपर्क करने का प्रयास किया, उन्हें लगातार फोन और मैसेज किए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में पता चला कि उनकी मौत हो गई है।“
शिपिंग कंपनी के मैनेजमेंट ने देवनंदन की मौत पर गहरा दुख जताया है। कंपनी ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने का वादा किया है। बगदाद स्थित भारतीय दूतावास ने भी इस दुखद घटना की पुष्टि की है। बाकी बचे क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं और उनकी देखभाल की जा रही है।


