रोहित शेट्टी हाउस फायरिंग केस, UP के ‘गोलू पंडित’ पर मुंबई पुलिस का शिकंजा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तार

रोहित शेट्टी हाउस फायरिंग केस, UP के ‘गोलू पंडित’ पर मुंबई पुलिस का शिकंजा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तार

आगरा : फिल्म जगत के मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर हुई गोलीबारी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। यूपी एसटीएफ के सहयोग से पुलिस ने आगरा के बाह इलाके से 14वें आरोपी प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू पंडित को दबोच लिया है। रंगदारी और दहशत फैलाने के इरादे से की गई इस वारदात के तार अब सीधे तौर पर कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग और शुभम लोनकर सिंडिकेट से जुड़ते नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर ‘वर्चस्व’ की जंग

गिरफ्तार आरोपी प्रदीप शर्मा (23) आगरा के बाह थाना क्षेत्र के महावीर नगर का रहने वाला है। मुंबई क्राइम ब्रांच और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने उसे उसके आवास ‘पक्की तलैया’ से गिरफ्तार किया। पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। गोलू पंडित ने कुबूल किया कि वह शुभम लोनकर गैंग की फेसबुक और इंस्टाग्राम पोस्ट से बुरी तरह प्रभावित था। वह अपराधी जगत में अपना वर्चस्व कायम करना चाहता था।

जांच में सामने आया है कि गोलू के साथी शिवम दुबे ने उसे इस पूरी साजिश का हिस्सा बनाया था। शिवम ने ही उसे रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करने और दहशत फैलाने के लिए उकसाया था। 1 फरवरी 2026 को जुहू स्थित शेट्टी के आवास पर हुई इस सनसनीखेज फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी, जिसके बाद से मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

UP एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच का साझा ‘ऑपरेशन’

मुंबई पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू पंडित इस मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा था। यूपी एसटीएफ ने सटीक सूचना के आधार पर उसे घेराबंदी कर पकड़ा।

अब मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मुंबई रवाना हो चुकी है। रविवार को उसे विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि गोलू से पूछताछ के बाद इस पूरे नेटवर्क के कई और गहरे राज खुल सकते हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस गैंग का इरादा केवल दहशत फैलाना था या रोहित शेट्टी से किसी बड़ी रकम की मांग की जाने वाली थी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *