KKR va LSG: ईडन गार्डन्स में मुकुल चौधरी का तूफ़ान। 27 गेंदों में 54* रन बनाकर मुकुल ने आखिरी गेंद पर लखनऊ को रोमांचक जीत दिलाई। जानिए कैसे मुकुल ने MS धोनी को अपना आदर्श बताकर जीता सबका दिल और क्यों अर्जुन तेंदुलकर ने पहले ही कर दी थी भविष्यवाणी।
KKR vs LSG, Mukul Choudhary On MS Dhoni: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 15वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को उनके घर ईडन गार्डन्स में 3 विकेट से हरा दिया। एक वक्त पर हार की कगार पर खड़ी लखनऊ के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज मुकुल चौधरी संकटमोचक बनकर आए। उन्होंने महज 27 गेंदों में नाबाद 54 रनों की तूफानी पारी खेलकर आखिरी गेंद पर टीम को यादगार जीत दिलाई। मुकुल को इस शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
धोनी के नक्शेकदम पर चलना चाहता हूं…
मैच के बाद JioHotstar पर बातचीत करते हुए 21 साल के मुकुल चौधरी ने बताया कि दिग्गज क्रिकेटर एमएस धोनी उनके सबसे बड़े इंस्पिरेशन (प्रेरणा) हैं। मुकुल ने कहा कि वह हमेशा से धोनी जैसा बनना चाहते थे क्योंकि वह भी उन्हीं की तरह एक फिनिशर की भूमिका निभाते हैं। उन्हें धोनी का मशहूर ‘हेलीकॉप्टर शॉट’ बेहद पसंद है। अपनी प्रेरणा के बारे में बात करते हुए मुकुल ने कहा, ‘मैं एमएस धोनी को अपना आदर्श मानता हूं। जिस तरह से उन्होंने 2011 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को लीड किया, वो यादगार है। मैं भी उनकी तरह ही मैच खत्म करने की काबिलियत रखना चाहता हूं ताकि अपनी टीम को जीत दिला सकूं।’
नीलामी में लगी थी बड़ी बोली
बता दें कि आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने मुकुल चौधरी को 2.60 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर खरीदा था, जबकि उनका बेस प्राइस सिर्फ 30 लाख रुपये था। अब तक खेले 3 मैचों में उन्होंने 162.79 के स्ट्राइक रेट से 70 रन बनाए हैं।
अर्जुन तेंदुलकर को पहले से था भरोसा
हैरानी की बात यह है कि मुकुल की इस काबिलियत का अंदाज़ा उनके साथी खिलाड़ी अर्जुन तेंदुलकर को पहले से था। अर्जुन ने आईपीएल शुरू होने से पहले ही सबको सावधान कर दिया था कि मुकुल इस सीजन में बड़ा धमाका कर सकते हैं। मुकुल ने KKR के खिलाफ 200 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की, जिसमें 2 चौके और 7 लंबे छक्के शामिल थे।
ये रहा मैच का हाल
लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। केकेआर ने अजिंक्य रहाणे (41) और अंगकृष रघुवंशी (45) की बदौलत 181 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए आयुष बडोनी (54 रन) और मुकुल चौधरी (54* रन) की जोड़ी ने कमाल कर दिया और रोमांचक तरीके से मैच को लखनऊ के नाम कर दिया।
Sports – Patrika | CMS


