आदिवासी फिल्म ‘लमझना’ का मुहूर्त शॉट:बैतूल में परंपराओं पर आधारित फिल्म में स्थानीय कलाकारों का अभिनय

आदिवासी फिल्म ‘लमझना’ का मुहूर्त शॉट:बैतूल में परंपराओं पर आधारित फिल्म में स्थानीय कलाकारों का अभिनय

बैतूल में आदिवासी परंपराओं पर आधारित फिल्म ‘लमझना’ का मुहूर्त शॉट बुधवार को वीवीएम कॉलेज, सदर में संपन्न हुआ। अवीरा फिल्म्स के बैनर तले बन रही यह फिल्म स्थानीय कलाकारों को मंच देने और आदिवासी संस्कृति को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से बनाई जा रही है। इसमें आदिवासी समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों और सामाजिक विषयों को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा। फिल्म की निर्माता-निर्देशक स्मिता मनोज लोखंडे हैं, जबकि अमित कसेरा सह-निर्देशक के रूप में जुड़े हैं। डीओपी की जिम्मेदारी स्मिता लोखंडे और सचिन अतुलकर संभाल रहे हैं। मुहूर्त शॉट कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार, पूर्व जिलाध्यक्ष बबला शुक्ला, आमला-सारणी विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भाजपा नेता अतीत पंवार और राजेश आहूजा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। ‘लमझना’ शब्द का अर्थ ‘घर जमाई’ होता है। फिल्म की कहानी एक आदिवासी युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो घर जमाई बनकर आता है, लेकिन संतान न होने के कारण उसे अपनी पत्नी से अलग होना पड़ता है। फिल्म का मुख्य उद्देश्य पुरानी सामाजिक रूढ़ियों को तोड़ते हुए वैज्ञानिक और चिकित्सकीय सोच अपनाने का संदेश देना है। स्थानीय कलाकारों ने किया है अभिनय
इस फिल्म की एक खास बात यह है कि इसमें पूरी तरह स्थानीय कलाकारों ने अभिनय किया है और इसकी शूटिंग भी ग्रामीण परिवेश में की गई है। फिल्म में आदिवासी लोकगीतों, पारंपरिक गानों और स्थानीय बोली का व्यापक उपयोग किया गया है। बताया गया है कि फिल्म का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा तैयार हो चुका है और शेष एडिटिंग का कार्य जारी है। कार्यक्रम में विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने फिल्म को आदिवासी समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। पूर्व जिलाध्यक्ष बबला शुक्ला ने बैतूल के कलाकारों की प्रतिभा की सराहना की। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने इसे जिले के लिए एक नया आयाम बताया, जबकि अतीत पंवार और राजेश आहूजा ने सीमित संसाधनों में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। निर्माता-निर्देशक स्मिता लोखंडे ने बताया कि “आदिवासी फोक स्टूडियो” के माध्यम से गोंडी गीतों को डिजिटल मंच प्रदान करने के बाद अब फिल्म निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि ‘लमझना’ एक पारिवारिक और मनोरंजक फिल्म है, जिसमें पांच मधुर गीत भी शामिल हैं। यह फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। फिल्म में साहिल खान, निशा गडेकर, सतीश के. साहू, सत्येंद्र चौहान, रतनमाला, दिव्या, शिरीष सोनी, अमित कसेरा, शिवम इरपाचे और निर्मल सिंह प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *