राजकीय महाविद्यालय, बनीपार्क में “राज्य महिला नीति” पर आधारित छात्राओं के मार्गदर्शन के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता मिस्टर भारत जितेंद्र शर्मा रहे। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि भारत कभी भी पुरुष प्रधान देश नहीं रहा, बल्कि यह महिला प्रधान संस्कृति वाला राष्ट्र रहा है। स्त्री-पुरुष प्रधान समाज की अवधारणा पश्चिमी सोच की देन है, जिसे भारतीय संदर्भ में गलत रूप में प्रस्तुत किया गया है। मिस्टर भारत जितेंद्र शर्मा ने छात्राओं से चमकती त्वचा से लेकर नेतृत्व और सरपंच बनने जैसे विषयों पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भूमिका केवल परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज, राजनीति और शासन में भी नेतृत्वकारी भूमिका निभा सकती हैं। पर्यावरण जागरूकता का दिया संदेश
मिस्टर भारत ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने पोषण एवं न्यूट्रीशन के तहत संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम, छात्राओं के स्वास्थ्य और ऊर्जा स्तर को बनाए रखने के उपाय बताए। वहीं योग, नेचुरोपैथी एवं मेडिटेशन के माध्यम से तनाव प्रबंधन, मानसिक शांति और शारीरिक फिटनेस के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने पर्यावरण जागरूकता पर जोर देते हुए जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त परिसर, पौधारोपण और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों के निर्माण पर चर्चा करते हुए आर्थिक सशक्तिकरण, कौशल विकास और महिला उद्यमिता के अवसरों की जानकारी दी। मिस्टर भारत ने छात्राओं को कृषि, ऑर्गेनिक फूड एवं कृषि आधारित रोजगार की संभावनाओं से भी अवगत कराया और कृषि स्टार्टअप, फूड प्रोसेसिंग व जैविक उत्पादों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ग्राम पंचायत एवं ग्रामीण नेतृत्व विषय पर मार्गदर्शन देते हुए छात्राओं को भविष्य की महिला नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार होने का आह्वान किया। छात्राओं ने जीवन, करियर और स्वास्थ्य से जुड़े प्रश्न पूछे
कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जीवन, करियर, स्वास्थ्य, नेतृत्व एवं सामाजिक विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे। छात्राओं ने चमकती स्किन, पिंपल और हेयरफॉल से जुड़े सवाल भी किए, जिस पर जितेंद्र शर्मा ने विटामिन–सी युक्त आहार लेने, आंवले को इसके सर्वोत्तम स्रोत के रूप में अपनाने, पर्याप्त नींद लेने, तनाव कम रखने और सोशल मीडिया व स्क्रीन टाइम सीमित करने की सलाह दी। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कांता सैनी ने कहा कि यह कार्यक्रम छात्राओं के लिए प्रेरणादायी, शिक्षाप्रद और भविष्य उन्मुख सिद्ध हुआ है। इससे राजस्थान राज्य महिला नीति के उद्देश्यों को बल मिला है और युवतियों में आत्मनिर्भरता एवं नेतृत्व क्षमता को नई दिशा मिली है। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. कांता सैनी ने मुख्य अतिथि मिस्टर भारत जितेंद्र शर्मा का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शर्मा द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन डॉ. भूप सिंह ने किया।


