सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पीएम नरेंद्र मोदी के हालिया भाषण पर तीखा हमला बोला है। मसूद ने कहा कि प्रधानमंत्री का भाषण स्तरहीन था और उससे बेहतर तरीके से तो टीवी एंकर बात रखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम सिर्फ वही सूचनाएं दोहरा रहे हैं जो पहले से ही टीवी के माध्यम से जनता तक पहुंच रही हैं। इमरान मसूद ने सवाल उठाते हुए कहा कि देश ये जानना चाहता है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत का स्टैंड क्या है। उन्होंने कहा कि जब भारत खुद को विश्वगुरु कहता है, तो फिर वैश्विक मंचों पर उसकी भूमिका कहां है। मसूद के मुताबिक, आज स्थिति ये है कि पाकिस्तान शांति वार्ता में भूमिका निभा रहा है, जबकि भारत कहीं नजर ही नहीं आ रहा। उन्होंने विदेश नीति पर भी सवाल खड़े किए। मसूद ने कहा कि ईरान जैसे पुराने दोस्त देशों के साथ रिश्ते कमजोर हो गए हैं, जबकि अमेरिका और इजराइल के साथ नजदीकी दिखाने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू से गले मिलना एकतरफा स्टैंड को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस नीति का खामियाजा पूरे देश को भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि यदि भारत को युद्ध की जानकारी देकर शामिल किया गया, तो ये भी गलत है और अगर बिना बताए घटनाएं हुईं, तो यह और भी बड़ी चूक है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने के बावजूद भारत की वैश्विक मामलों में कोई प्रभावी भूमिका नहीं दिख रही। देश के भीतर की राजनीति पर बोलते हुए मसूद ने सरकार पर ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चाहे घुसपैठ का मुद्दा हो या धार्मिक विवाद, हर विषय को जानबूझकर ध्रुवीकरण की दिशा में मोड़ा जा रहा है ताकि असली सवालों से ध्यान हटाया जा सके। असम और बंगाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां भी इसी तरह की राजनीति की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को डराने और भगाने की बात की जा रही है, जबकि हकीकत में ऐसा संभव नहीं है। इमरान मसूद ने कहा कि हिंदू या मुस्लिम किसी भी तरह का ध्रुवीकरण गलत है और वह दोनों का विरोध करते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वोटों के बंटवारे से भाजपा को फायदा पहुंचाया जा रहा है, जिससे पूरे समाज को नुकसान हो रहा है। रिजर्वेशन बिल को लेकर मसूद ने कहा कि जब तक बिल सामने नहीं आएगा, तब तक पार्टी अपना स्पष्ट रुख नहीं बता सकती।


