निःशुल्क वरिष्ठ नागरिक तीर्थ-यात्रा ट्रेन को सांसद ने किया रवाना:रामेश्वरम–मदुरै के लिए विशेष ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

निःशुल्क वरिष्ठ नागरिक तीर्थ-यात्रा ट्रेन को सांसद ने किया रवाना:रामेश्वरम–मदुरै के लिए विशेष ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

जयपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित निःशुल्क देव दर्शन तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत रामेश्वरम-मदुरै के लिए विशेष ट्रेन रवाना हुई। देवस्थान विभाग की ओर से रविवार को दुर्गापुरा (जयपुर) रेलवे स्टेशन से इसे रवाना किया गया। इस ट्रेन को जयपुर सांसद मंजू शर्मा तथा रेल मंत्रालय की क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य हीरेन मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और तीर्थ यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। इस विशेष तीर्थ ट्रेन में जयपुर जिले के 500 एवं अलवर जिले के 470 सहित कुल 970 वरिष्ठ नागरिक रामेश्वरम-मदुरै तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुए। देवस्थान विभाग की योजना उन वरिष्ठ लोगों के लिए है, जो आर्थिक कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते थे। यात्रा में ये मिलेगी सुविधाएं
देवस्थान विभाग की ओर से यह यात्रा पूर्णतः निःशुल्क है। यात्रा के दौरान यात्रियों को 8 दिन तक आवास एवं भोजन की पूरी व्यवस्था, हर कोच में सरकारी कर्मचारी अनुदेशक, ट्रेन के लिए प्रभारी, एक डॉक्टर एवं दो नर्सिंग अधिकारियों की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बुजुर्गों के लिए पुण्य पहल- सांसद मंजू शर्मा
इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा ने कहा- देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना समाज के उन बुजुर्गों के लिए पुण्य पहल है, जिन्होंने जीवनभर परिवार और समाज के लिए योगदान दिया। निःशुल्क रेल यात्रा, आवास, भोजन और चिकित्सा सुविधा के साथ तीर्थ दर्शन कराना संवेदनशील और सेवा भाव से प्रेरित निर्णय है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुविधा और आस्था को प्राथमिकता दे रही हैं और यह योजना उसी का जीवंत उदाहरण है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *