इफ्तार पार्टी में बोले सांसद अवधेश प्रसाद:गैस संकट सरकार की नाकामी, सिलेंडर के लिए मारामारी, 6 हजार रुपए तक ब्लैक में खरीदने को मजबूर लोग

इफ्तार पार्टी में बोले सांसद अवधेश प्रसाद:गैस संकट सरकार की नाकामी, सिलेंडर के लिए मारामारी, 6 हजार रुपए तक ब्लैक में खरीदने को मजबूर लोग

अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद ने रविवार को अपने आवास पर रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया गया। इफ्तार के दौरान सांसद ने सभी को रमजान की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन व खुशहाली की कामना की। इफ्तार के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद अवधेश प्रसाद ने गैस की किल्लत को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात सरकार की नाकामी का नतीजा हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। आजादी के बाद पहली बार राम रसोई बंद सांसद ने कहा कि गैस की भारी कमी के कारण हालात इतने खराब हो गए हैं कि अयोध्या में पहली बार राम रसोई तक बंद होने की नौबत आ गई है। उन्होंने कहा कि सिलेंडर के लिए लोगों में मारामारी मची हुई है और कई स्थानों पर वितरण केंद्रों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तक तैनात करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों को गैस सिलेंडर 5 से 6 हजार रुपए तक ब्लैक में खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यह स्थिति सरकार की विफल नीतियों को दर्शाती है। सरकार की रिपोर्ट और जमीनी हकीकत अलग सांसद ने कहा कि सरकार की रिपोर्ट और जमीनी हकीकत में काफी अंतर है। अगर हालात सामान्य होते तो लोगों को घंटों लाइन में खड़ा नहीं होना पड़ता। उन्होंने कहा कि गैस की किल्लत के कारण कई शहरों में तनावपूर्ण स्थिति बन रही है। गोरखपुर में गैस वितरण को लेकर लोगों पर लाठीचार्ज तक होने की घटनाएं सामने आई हैं। विदेशी दबाव में काम कर रही सरकार सांसद अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि यदि सरकार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सुझावों पर काम करे तो गैस संकट जैसी स्थिति पैदा नहीं होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विदेशी दबाव में काम कर रही है और अमेरिका की नीतियों के अनुरूप फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के हस्तक्षेप से देश की संप्रभुता, खेती, रोजगार और बाजार पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। इसका परिणाम अब जनता को झेलना पड़ रहा है। सांसद ने सरकार से मांग की कि गैस संकट को तुरंत दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *