चार पति, नौ बच्चों की मां निकली मासूमों की सौदागर, बरेली से कुशीनगर तक गैंग के जड़ें

चार पति, नौ बच्चों की मां निकली मासूमों की सौदागर, बरेली से कुशीनगर तक गैंग के जड़ें

बरेली। ममता के नाम पर दाग लगाती एक सनसनीखेज कहानी फरीदपुर में सामने आई है, जहां चार शादियां कर चुकी और नौ बच्चों की मां एक महिला बच्चों की तस्करी करती पकड़ी गई। पुलिस ने आरोपी रंजना उर्फ बिंदा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि वह अब तक तीन मासूमों को बेच चुकी है और गिरोह में शामिल एक अन्य महिला की तलाश तेज कर दी गई है।

17 मार्च को हरदोई निवासी सुनभला कुमारी अपने नौ महीने के बेटे के साथ बस से सफर कर रही थी। इसी दौरान रंजना ने उससे दोस्ती की और उसे अपने झांसे में ले लिया। 20 मार्च को मौका मिलते ही वह बच्चे को लेकर फरार हो गई।
यह वारदात इतनी शातिर तरीके से की गई कि मां को भनक तक नहीं लगी।

गिरफ्तारी में खुला तस्करी का काला राज

रविवार को पुलिस ने रंजना को दबोच लिया। उसके पास से दो बच्चे बरामद हुए—एक सुनभला का बेटा और दूसरा साढ़े तीन साल का बच्चा। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बच्चों को बेचने की तैयारी में थी।
पुलिस ने मामले में मानव तस्करी की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।
तीन बच्चों को बेचने की पुष्टि, नेटवर्क सक्रिय
पूछताछ में रंजना ने कबूल किया कि वह तीन बच्चों को पहले ही बेच चुकी है। इन बच्चों को उसने अपनी साथी संजना उर्फ सलोनी को सौंपा था, जो कुशीनगर की रहने वाली है।
अब पुलिस इस महिला की तलाश में जुट गई है और गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

चार शादियां, हर बार अलग कहानी

जांच में यह भी सामने आया कि रंजना ने चार शादियां कीं—फतेहगंज, कुशीनगर, लखनऊ और मेरठ में। हर बार वह अलग-अलग पुरुषों के साथ रही और बच्चों को लेकर संदिग्ध गतिविधियां करती रही।
मेरठ निवासी सुरेंद्र से शादी के एवज में उसने 40 हजार रुपये तक लिए। सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि रंजना ने अपने तीन बच्चों को भी अपनी कथित साथी को सौंप दिया, जिन्हें बाद में बेच दिया गया।
यानी ममता की आड़ में यह महिला अपने ही बच्चों की दलाल बन बैठी।

मां-बेटी गिरोह का शक, पुलिस की टीम रवाना

जांच में यह भी शक जताया जा रहा है कि गिरोह में शामिल दूसरी महिला संजना, रंजना की मां हो सकती है। दोनों के बीच गहरे संबंध सामने आए हैं।
इंस्पेक्टर फरीदपुर राधेश्याम के मुताबिक, आरोपी की साथी की गिरफ्तारी के लिए टीम कुशीनगर रवाना की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *