3 बच्चों की मां प्रेमी के साथ रहने पर अड़ी:जालौन में कोतवाली में किया हंगामा, बच्ची हुई बेहोश

3 बच्चों की मां प्रेमी के साथ रहने पर अड़ी:जालौन में कोतवाली में किया हंगामा, बच्ची हुई बेहोश

जालौन के कोंच कोतवाली में बुधवार को तीन बच्चों की मां एक महिला अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। शादी के करीब 20 साल बाद महिला के इस फैसले से परिजन स्तब्ध रह गए। जिसके बाद कोतवाली परिसर में घंटों तक गहमागहमी बनी रही। जानकारी के अनुसार, महिला अपने प्रेमी के साथ रहने की बात पर अडिग रही। परिजन उसे समझाने के लिए कोतवाली पहुंचे। लेकिन महिला किसी भी कीमत पर अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं हुई। इस दौरान महिला के बच्चे कोतवाली परिसर में रोते-बिलखते रहे। लेकिन मां के फैसले में कोई बदलाव नहीं आया। घटना के दौरान माहौल उस समय और तनावपूर्ण हो गया, जब महिला की एक नाबालिग बच्ची अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को संभाला और पानी पिलाकर उसे होश में लाने का प्रयास किया। बच्ची की हालत देख परिसर में मौजूद लोगों में चिंता का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से महिला के प्रेमी को हिरासत में लेकर हवालात भेज दिया। इसके बावजूद महिला अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर कायम रही। महिला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह अपने निर्णय को लेकर पूरी तरह दृढ़ है और किसी के दबाव में नहीं आएगी। पूरे घटनाक्रम के दौरान कोतवाली परिसर में लोगों की भीड़ जुटी रही और हर कोई इस अप्रत्याशित घटनाक्रम को लेकर चर्चा करता नजर आया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *