मोर्कल बोले- रोहित-कोहली 2027 का वर्ल्ड कप खेल सकते हैं:अगर फिट रहें और खेलना चाहें तो यह मुश्किल नहीं, दोनों कई ट्रॉफी जिता चुके

टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल का मानना है कि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में खेल सकते हैं। बशर्ते, वे मेंटली और फिजिकली फिट रहे और फील करें कि उनका शरीर ऐसा कर सकता है। तो यह मुश्किल नहीं है। भारतीय कोच से रोहित-कोहली के भविष्य को लेकर सवाल किया गया था। दरअसल, रोहित और कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट ही खेल रहे हैं। दोनों ने टी-20 और टेस्ट से संन्यास ले लिया है। इसके बाद से रोहित-कोहली के भविष्य पर सवाल उठ रहे हैं। शुक्रवार को रांची में प्रैक्टिस सेशन के बाद मोर्कल से पूछा गया कि क्या वे चाहते हैं कि रोहित और कोहली वनडे विश्व कप में खेलें? इस पर मोर्कल ने कहा- अभी इसमें काफी समय है। वे दोनों अच्छे प्लेयर्स हैं। जब तक रोहित-कोहली कड़ी मेहनत कर रहे हैं और फिटनेस उनका साथ दे रही है, तब तक तो दिक्कत नहीं है। मैंने हमेशा अनुभव पर भरोसा किया है। वो अनुभव जो आपको कहीं और नहीं मिलता। मोर्कल ने आगे कहा- रोहित-कोहली ने कई ट्रॉफियां जीती हैं, उन्हें बड़े टूर्नामेंट खेलने का अनुभव है। हां, वर्ल्ड कप में वे निश्चित रूप से खेल सकते हैं। मैंने उनके खिलाफ कई मैच खेले हैं। अगर वे मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार हैं तो 2027 वर्ल्ड कप दूर नहीं है। रोहित-कोहली 9 महीने बाद घरेलू मैदान पर खेलेंगे
रोहित शर्मा और विराट कोहली 9 महीने के बाद घरेलू मैदान पर एक साथ इंटरनेशनल क्रिकेट मैच खेलेंगे। दोनों ने पिछली बार इंग्लैंड के खिलाफ 12 फरवरी 2025 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला था। मोर्कल ने कहा- हमारे पास खुद को रिसेट करने का मौका
मोर्कल ने प्रैक्टिस सेशन से पहले कहा, पिछले दो हफ्ते निराशाजनक रहे, लेकिन अब हमारे पास कुछ दिन खुद को रीसेट करने के लिए हैं। अब हमें अपनी पूरी एनर्जी के वनडे क्रिकेट पर लगानी है। पिछले कुछ सालों में टीम ने इस फॉर्मेट में अच्छा खेल दिखाया है। उन्होंने कहा कि टेस्ट सीरीज जीतकर आई साउथ अफ्रीका की टीम बेहद आत्मविश्वास में है और ऐसी टीमें हमेशा चुनौतीपूर्ण होती हैं। रंगीन जर्सी और सफेद गेंद अलग ऊर्जा लाती है, लेकिन साउथ अफ्रीका फिलहाल लय में है। शुभमन-श्रेयस तेजी से रिकवर कर रहे
टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की फिटनेस पर मोर्कल ने कहा- शुभमन अच्छी तरह रिकवर कर रहे हैं। दो दिन पहले ही उनसे बात हु़ई है। श्रेयस ने भी रिहैब शुरू कर दिया है। मोर्कल ने कहा- भारत की जर्सी पहनते हुए आप करोड़ों लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए हर मैच अहम है। उन्होंने बताया कि उनका पूरा फोकस भारतीय ड्रेसिंग रूम में लय वापस लाना है और यह तभी होगा जब टीम सफेद गेंद से अच्छा क्रिकेट खेलेगी। ————————————————- टीम इंडिया से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… एमएस धोनी के घर पहुंचे विराट कोहली और ऋषभ पंत, डिनर भी किया रांची के ध्रुवा के जेएससीए स्टेडियम में 30 नवंबर को होने वाले वनडे मुकाबले के लिए भारत-दक्षिण अफ्रीका टीम के सभी खिलाड़ी रांची पहुंच गए हैं। रात करीब 8:45 बजे विराट कोहली और ऋषभ पंत दलादली स्थित पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के घर पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *