अहमदाबाद-वडोदरा के 35 से ज्यादा स्कूलों को फिर मिली बम धमाके की धमकी

अहमदाबाद-वडोदरा के 35 से ज्यादा स्कूलों को फिर मिली बम धमाके की धमकी

Ahmedabad. गुजरात के स्कूलों को सोमवार को एक बार फिर बम धमाके की धमकी मिली। इनमें अहमदाबाद शहर की 21 और और वडोदरा शहर की 14 से ज्यादा समेत करीब 35 से ज्यादा स्कूलों को सुबह धमकी भरे ई-मेल मिले। इसमें दोपहर बाद 1.11 बजे बम विस्फोट की बात कही गई थी। ई-मेल मिलते ही स्कूल संचालकों ने शहर जिला शिक्षा अधिकारी और शहर पुलिस कंट्रोल रूम को तत्काल इसकी सूचना दी। सतर्कता के चलते कई स्कूलों ने बच्चों को घर भेज दिया।

सूचना मिलते ही हरकत में आई दोनों शहरों की पुलिस ने बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की मदद से स्कूलों में जांच की। चप्पे-चप्पे की जांच करने के बाद कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिलने से पुलिस ने राहत की सांस ली। इस बार भी धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले के विरुद्ध अहमदाबाद और वडोदरा साइबर क्राइम ब्रांच थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

स्कूलों को मिली धमकी को लेकर सरकार गंभीर: डिप्टी सीएम

गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि स्कूलों की मिली धमकी के मामलों को लेकर सरकार गंभीर है। दोनों शहरों के पुलिस आयुक्त खुद इस मामले को देख रहे हैं। वहीं शिक्षा राज्यमंत्री रीवाबा जाड़ेजा ने कहा कि स्कूलों को मिल रही बम धमाके की धमकी को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। इस मामले की पुलिस जांच कर रही है।

अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच के जेसीपी शरद सिंघल ने कहा कि इस संदर्भ में जांच की जा रही है। धमकी भरे ई-मेल किसने और कहां से भेजे थे। शहर के 12 के करीब स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजे जाने की सूचना है।

परिसर की जांच कराई गई: डीईओ

उधर अहमदाबाद शहर जिला शिक्षा अधिकारी रोहित चौधरी ने बताया कि शहर के 21 स्कूलों को बम धमकी की धमकी से भरे ई-मेल मिले हैं। इस मामले में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। पुलिस को सूचना देकर पूरे परिसर की जांच कराई गई है।

भय पैदा करने की कोशिश: वडोदरा पुलिस आयुक्त

वडोदरा शहर पुलिस आयुक्त एन.एस.कोमर ने कहा कि वडोदरा के 14 स्कूलों को बम धमाके की धमकी से जुड़े ई-मेल मिले। सूचना मिलते ही तत्काल बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस), डॉग स्क्वॉड की टीमों की मदद से स्कूल परिसर व आसपास की जांच की गई। कहीं कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। दो अलग-अलग ई-मेल आईडी से धमकी भरे ई-मेल भेजे जाने की बात सामने आई है, हालांकि दोनों ही में धमकी भरा संदेश एक जैसा है। यह अभिभावकों में भय पैदा करने की साजिश जान पड़ती है। पुलिस ने वडोदरा साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले में जांच जारी है।

ई-मेल में गुजरात को खालिस्तान बनाने का उल्लेख

स्कूलों को भेजे गए ई-मेल में बम ब्लास्ट अहमदाबाद स्कूल लिखकर गुजरात को खालिस्तान बनाने की बात कही गई है। अहमदाबाद व वडोदरा के स्कूलों में दोपहर 1.11 मिनट पर बम धमाका होने की बात लिखी है। कार और बस में विस्फोट की बात लिखी गई है। ई-मेल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निशाने होने पर का उल्लेख किया गया है। इतना ही नहीं हिंदुस्तान के टुकड़े-टुकड़े होने की भी बात लिखी है।

पहले भी मिल चुकी है धमकी, आरोपी पकड़ से दूर

ऐसा पहली बार नहीं है जब अहमदाबाद, वडोदरा के स्कूलों को बम धमाके की धमकी से भरे ई-मेल भेजे गए हैं।

23 जनवरी 2026: अहमदाबाद के 20 स्कूलों में बम धमाके की बात कही गई

6 जनवरी 2026: अहमदाबाद सहित राज्य के अन्य कोर्ट में भी बम धमाके की धमकी भरे ई-मेल

17 दिसंबर 2025: 15 से अधिक स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए

24 जून 2025: ई-मेल भेजकर गुजरात हाईकोर्ट में बम धमाके की धमकी दी गई

9 जून 2025: ई-मेल भेजकर गुजरात हाईकोर्ट में बम धमाके की धमकी दी गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *