अबोहर के लाइनपार क्षेत्र में गुरुवार रात चोरों ने एक मोबाइल दुकान में सेंध लगाई। चोर दुकान से लाखों रुपये के मोबाइल फोन और एक्सेसरीज चुरा ले गए। घटना की सूचना सुबह सिटी टू पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। यह घटना नई आबादी गली नंबर 21 स्थित गगन मोबाइल शॉप में हुई। दुकान के संचालक गगनदीप ने बताया कि चोरों ने दुकान का लकड़ी का गेट तोड़कर प्रवेश किया। चोरी की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है। गगनदीप के अनुसार, वे कल रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद करके घर गए थे। उस समय दुकान में लगभग 20-25 मोबाइल फोन और एक्सेसरीज मौजूद थीं, जिनमें एप्पल आईफोन और अन्य एंड्रॉयड फोन शामिल थे।
रात डेढ़ से दो बजे के बीच की रेकी, फिर दुकान में घुसे रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच तीन नकाबपोश युवकों ने पहले गली में रेकी की। इसके बाद वे पास के एक घर की छत के रास्ते दुकान में घुसे। चोरों ने दुकान में घुसते ही कैमरों की तारें काट दीं और लगभग 25-30 मोबाइल फोन व एक्सेसरीज चुरा लीं, जिनकी अनुमानित कीमत 2 से 3 लाख रुपये बताई जा रही है। गगनदीप को सुबह दुकान पर आने पर चोरी का पता चला। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत थाना नंबर दो की पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। थाना प्रभारी ने दुकान मालिक को आश्वासन दिया है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।


