बदायूं में बसपा के पूर्व विधायक हाजी मुसर्रत अली उर्फ बिट्टन के कार्यालय की दीवार पर लगे प्रतिबंधित तार में छोड़े गए करंट की चपेट में आने से एक बंदर की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि बंदर मादा थी और वह गर्भवती थी, जिससे दो जानें गईं। पशु प्रेमियों ने मादा बंदर का अंतिम संस्कार किया। पुलिस अब इस मामले में पूर्व विधायक को नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है। यह घटना शुक्रवार शाम को सहसवान के मोहल्ला नयागंज स्थित पूर्व विधायक के कार्यालय पर हुई। कार्यालय की चाहरदीवारी पर कांटेदार तार लगा था, जो शासन स्तर पर प्रतिबंधित है। इसी तार में करंट भी प्रवाहित किया गया था, जिसकी चपेट में आकर बंदर की मौत हो गई। सहसवान कोतवाली पुलिस ने हाजी बिट्टन के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। पीएफए अध्यक्ष विकेंद्र शर्मा इस मुकदमे में वादी बने हैं। एसएचओ धनंजय सिंह ने बताया कि पूर्व विधायक को जल्द ही नोटिस भेजा जाएगा ताकि कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा सके। हाजी बिट्टन 2012 से 2017 तक बिल्सी विधानसभा से बसपा विधायक रहे थे। 2017 और 2022 के चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। बाद में वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे।


