सहारनपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत 934 लाभार्थियों को सोमवार को बड़ी राहत मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से सिंगल क्लिक के जरिए एक लाख रुपए की पहली किस्त सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी। प्रदेशभर में करीब दो लाख लाभार्थियों को यह राशि दी गई। मुख्यमंत्री का लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद हुआ, जिसका सीधा प्रसारण शहर के सेठ गंगा प्रसाद महेश्वरी सभागार (जनमंच) में किया गया। बड़ी संख्या में लाभार्थी और अधिकारी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे। जिले में सबसे ज्यादा 341 लाभार्थी देवबंद निकाय क्षेत्र से रहे। इसके बाद सहारनपुर नगर निगम क्षेत्र के 239, सरसावा के 97, गंगोह के 79, चिलकाना के 64, अंबहेटा के 63, बेहट के 23, छुटमलपुर के 22 और तीतरो के 6 लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त पहुंची। जनमंच सभागार में नगर निगम और डूडा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से 27 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र भी सौंपे गए। जिलाधिकारी मनीष बंसल, नगरायुक्त शिपू गिरि, देवबंद चेयरमैन विपिन गर्ग, सरसावा चेयरमैन प्रतिनिधि प्रमोद पंवार और विभिन्न निकायों के पार्षदों ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए। वर्चुअल संवाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर किसी का अपना घर के सपने को पूरा करने की दिशा में यह योजना अहम कदम है। उन्होंने बताया कि ज्यादातर मकानों का पंजीकरण महिलाओं के नाम या संयुक्त नाम से किया गया है, जिससे महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक मजबूती मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन घरों में केवल छत ही नहीं, बल्कि शौचालय, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय शहरी आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी वर्चुअल रूप से लाभार्थियों को संबोधित किया। इस दौरान नगरायुक्त शिपू गिरि, अपर नगरायुक्त मृत्युंजय और पीओ डूडा विकास कुमार पांडेय ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीरेन्द्र आज़म ने किया।


