लोक अदालत में बरसा धन, एक दिन में 92 लाख की रिकॉर्ड टैक्स वसूली

लोक अदालत में बरसा धन, एक दिन में 92 लाख की रिकॉर्ड टैक्स वसूली

सरचार्ज में 50 प्रतिशत छूट का मिला फायदा, सुबह से रात तक काउंटरों पर लगी रही करदाताओं की भीड़।

बैतूल। वित्तीय संकट से जूझ रही नगरपालिका के लिए शनिवार को आयोजित नेशनल लोक अदालत किसी संजीवनी से कम साबित नहीं हुई। नगरपालिका के इतिहास में पहली बार लोक अदालत के माध्यम से एक ही दिन में 92 लाख रुपए से अधिक राजस्व की वसूली की गई। सरचार्ज में 50 प्रतिशत की छूट का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में करदाता पहुंचे, जिससे सुबह से लेकर देर शाम तक नगरपालिका कार्यालय में चहल-पहल बनी रही। नगरपालिका द्वारा टैक्स वसूली के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। सुबह 9 बजे से ही करदाताओं की कतार लगना शुरू हो गई थी। लोगों की सुविधा के लिए छह अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, जहां जलशुल्क जमा करने दिनभर भीड़ नजर आई। लोक अदालत में दी गई छूट के चलते कई ऐसे करदाता भी पहुंचे, जिन्होंने वर्षों से अपना बकाया कर जमा नहीं किया था।
15 दिन पहले शुरू की तैयारी
नगरपालिका प्रशासन द्वारा लोक अदालत की तैयारियां लगभग पंद्रह दिन पहले से शुरू कर दी गई थीं। वार्ड स्तर पर कर अदायगी को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इसके साथ ही बड़े बकायादारों को डोर-टू-डोर डिमांड नोटिस भी भेजे गए। इस रणनीति का सकारात्मक परिणाम सामने आया और लंबे समय से बकाया कर नहीं चुकाने वाले नागरिक भी भुगतान करने पहुंचे। दरअसल, वित्तीय वर्ष समाप्त होने के बाद संपत्ति कर की राशि दोगुनी होने का प्रावधान भी लोगों के लिए चिंता का कारण था। यही वजह रही कि लोक अदालत करदाताओं के लिए बेहतर विकल्प साबित हुई और लोगों ने समय रहते बकाया राशि जमा कर दी।
ऑनलाइन ली गई टैक्स की राशि
लोक अदालत में आमतौर पर नगद और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से भुगतान किया जाता है, लेकिन इस बार नगरीय प्रशासन के निर्देश पर केवल ऑनलाइन भुगतान ही स्वीकार किया गया। ऐसे में नगद राशि लेकर पहुंचे कुछ लोगों को प्रारंभ में परेशानी का सामना करना पड़ा, हालांकि बाद में उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से भुगतान किया। नगरपालिका द्वारा ई-नगरपालिका पोर्टल के माध्यम से कर वसूली की गई। कर संग्रहण में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से नगरीय प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नगद लेन-देन से बचते हुए केवल ऑनलाइन भुगतान ही लिया जाए। इसी के तहत सभी उपभोक्ताओं से डिजिटल माध्यम से ही टैक्स जमा कराया गया।
ई-नगरपालिका पोर्टल धीमी गति से चला
प्रदेश भर में एक ही दिन लोक अदालत का आयोजन होने के कारण ई-नगरपालिका पोर्टल पर लोड बढ़ गया, जिससे सर्वर की गति धीमी पड़ गई। सुबह के समय पोर्टल सामान्य रूप से संचालित हुआ, लेकिन दोपहर के बाद करदाताओं की संख्या बढऩे से तकनीकी दिक्कतें आने लगी। इसके चलते लोगों को टैक्स जमा करने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा, फिर भी छूट का लाभ लेने के लिए लोग धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते रहे। शाम 5 बजे तक ही करीब 55 लाख रुपए की राशि जमा हो चुकी थी। वहीं कर वसूली की प्रक्रिया रात लगभग 8 बजे तक जारी रही। शाम 6 बजे तक भी राजस्व कक्ष के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं।
11 करोड़ से अधिक की डिमांड
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए नगरपालिका की कुल डिमांड 11 करोड़ 67 लाख 80 हजार 790 रुपए बताई जाती है। नगरपलिका फरवरी माह तक कुल 5 करोड़ 10 लाख रुपए वसूली चुकी हैं। जबकि मार्च माह में वसूली का 60 प्रतिशत से ऊपर होना बताई जाती है। वित्तीय वर्ष का अंतिम महीना होने की वजह से नगरपालिका पर भी वसूली को लेकर काफी प्रेशर हैं, क्योंकि नगरपालिका की वित्तीय स्थिति पहले से खराब चल रही हैं। कर्मचारियों को वेतन भुगतान में भी दिक्कतें आ रही है। पैसों की कमी के चलते मार्च माह में अभी तक नगरपालिका कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं हो सका हैं। इसलिए राजस्व वसूली पर काफी जोर दिया जा रहा है।
इनका कहना

  • लोक अदालत में राजस्व वसूली का कार्य जारी है। शाम पांच बजे तक 65 लाख रुपए वसूली हो चुकी हैं। सही आंकड़े रात 9 बजे तक ही पता चल सकेंगे। सभी काउंटरों पर टैक्स जमा करने के लिए लोगों की अच्छी भीड़ लगी है।
  • सुभाष प्रजापति, वरिष्ठ राजस्व अधिकारी नगरपालिका बैतूल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *