विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में हलचल! लखनऊ आएंगे मोहन भागवत, सीएम योगी ने की बैठक

विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में हलचल! लखनऊ आएंगे मोहन भागवत, सीएम योगी ने की बैठक

Mohan Bhagwat News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में मोहन भागवत एक बार फिर राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। रविवार को संघ प्रमुख लखनऊ के सरस्वती कुंज में बैठक कर सकते है।

मोहन भागवत इस दौरे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ भी वन-टू-वन कर सकते हैं। इसको लेकर उनके आज लखनऊ आने की बात सामने आई। उनके इस दौरे को लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज है।

15 दिनों में दूसरी बार राजधानी दौरा

संघ प्रमुख पिछले पंद्रह दिनों में दूसरी बार लखनऊ पहुंचेंगे हैं। इससे पहले वे फरवरी बीच में भी प्रदेश आए थे। सूत्रों के मुताबिक, इस बार वे दिल्ली से सीधे लखनऊ पहुंचेंगे और निरालानगर स्थित संघ कार्यालय में कार्यक्रम तय है।

सरस्वती कुंज में हुई अहम समीक्षा बैठक

मोहन भागवत के दौरे से पहले निराला नगर स्थित सरस्वती कुंज में विशेष समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल मौजूद रहे। करीब ढाई घंटे चली बैठक में संगठन और सरकार के बीच तालमेल, चुनावी तैयारी और सामाजिक समीकरणों पर चर्चा होने की बात सामने आई है।

2024 के बाद नई रणनीति पर फोकस

लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों के बाद भाजपा और संघ दोनों सतर्क नजर आ रहे हैं। विपक्ष द्वारा सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिशों के बीच भाजपा भी अपनी रणनीति मजबूत करने में जुटी है। संघ प्रमुख अपने हालिया दौरों में सामाजिक एकता और सनातन विचारधारा पर जोर देते दिखे हैं। माना जा रहा है कि 2027 से पहले संगठन और सरकार के समन्वय को और मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।

लगातार बढ़ रही सक्रियता

फरवरी में गोरखपुर, मेरठ और लखनऊ के दौरे के बाद अब फिर राजधानी आना संघ प्रमुख की बढ़ती सक्रियता को दर्शाता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 के चुनाव से पहले संघ और भाजपा किसी भी तरह की चूक नहीं करना चाहते। भाजपा को हराने के लिए सभी विपक्षी दलों ने कमर कस ली है। इसे देखते हुए ही संघ प्रमुख का यहां दौरा अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *