बैढ़न में युवती से मोबाइल छीना, बदमाश की बाइक टकराई:दो आरोपी पकड़े गए, एक फरार; पुलिस नशे की आशंका पर जांच कर रही

बैढ़न में युवती से मोबाइल छीना, बदमाश की बाइक टकराई:दो आरोपी पकड़े गए, एक फरार; पुलिस नशे की आशंका पर जांच कर रही

सिंगरौली जिले के बैढ़न कोतवाली क्षेत्र में रविवार की सुबह एक युवती से मोबाइल छीनने की घटना सामने आई। सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल तिराहे के पास बाइक सवार तीन युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता शिवानी सिंह रास्ते में मोबाइल पर भजन सुनते हुए जा रही थीं। तभी पीछे से आए तीन युवकों ने उनका मोबाइल झपट्टा मारकर छीन लिया और मौके से भागने लगे। युवती के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उनका पीछा करना शुरू कर दिया। भागने के क्रम में आरोपियों की बाइक अनियंत्रित होकर एक कार से टकरा गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शी रमेश सोनी ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दौड़कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। हालांकि, तीसरा आरोपी छीना गया मोबाइल लेकर बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली है। इस हादसे में कार का साइड हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। कार चालक ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को भी हल्की चोटें आई हैं। कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि आरोपी नशे की हालत में थे। पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *