उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में प्रयागराज–कानपुर हाईवे पर मंगलवार देर रात मोबिल ऑयल से भरा टैंकर पलटने के बाद भीषण आग लग गई। आग की लपटें करीब 100 फीट तक उठीं और धुएं से आसमान काला हो गया। घटना से हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
कौशांबी जिले में मंगलवार रात लगभग 10 बजे लोंहदा मोड़ के पास एक बड़ा हादसा हो गया। कानपुर की ओर से प्रयागराज जा रहा मोबिल ऑयल से भरा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभा टूट गया। और हाईटेंशन लाइन नीचे लटक गई। इसी दौरान तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और टैंकर ने आग पकड़ ली।
हाईवे पर लगा वाहनों का लंबा जाम
कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि आग करीब 50 मीटर तक फैल गई। और लपटें लगभग 100 फीट ऊंची उठने लगीं। काले धुएं का घना गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था। जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। एहतियातन दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। जिससे करीब 25 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
सूचना मिलते ही सैनी थाना पुलिस और अजुहा चौकी की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की छह गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि टैंकर में सवार ड्राइवर सुधीर सिंह और क्लीनर विनीत समय रहते बाहर निकल गए। जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। टैंकर दिल्ली से कोलकाता की ओर जा रहा था। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी।


