औरैया के दिबियापुर स्थित बीआरसी में ब्लॉक भाग्यनगर के परिषदीय स्कूलों की विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के अध्यक्षों और प्रधानाध्यापकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य एसएमसी के गठन, कर्तव्यों, दायित्वों और भूमिका के बारे में जानकारी प्रदान करना था। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) दाताराम ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि विद्यालय प्रबंधन में एसएमसी अध्यक्ष समेत सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने जोर दिया कि समिति विद्यालय के लिए अभिभावक की तरह है और अपनी शक्तियों तथा एसएमसी मद का उपयोग करके विद्यालय के शैक्षणिक और भौतिक परिवेश को स्वच्छ व सुंदर बना सकती है। प्रशिक्षण में संदर्भदाताओं ने विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। कृष्ण कुमार ने समिति के अध्यक्ष/उपाध्यक्ष और सचिव (प्रधानाध्यापक) को एसएमसी की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रल्हाद कुमार ने एसएमसी के गठन, दायित्वों, शिक्षा अधिकार अधिनियम और विकास योजना के बारे में बताया। सपना कुशवाहा ने सोशल ऑडिट, बालिका शिक्षा, दिव्यांग बच्चों, आउट ऑफ स्कूल बच्चों और ऑपरेशन कायाकल्प पर जानकारी दी। प्रशांत चौबे ने स्वास्थ्य कार्यक्रम और अभिभावक/समुदाय भागीदारी पर विस्तृत व्याख्यान दिया। प्रशिक्षण में अभिलेखीय रखरखाव और कुशल वित्तीय प्रबंधन पर पीपीटी प्रस्तुतिकरण भी किया गया। प्रशिक्षण के उपरांत सभी विद्यालयों में एसएमसी के समस्त सदस्यों को भी यह जानकारी देनी होगी। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सौरभ गुप्ता, अरुण कुमार, संदीप कश्यप, अमितेश और लोकेंद्र यादव सहित ब्लॉक के एसएमसी अध्यक्ष और प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।


