फाजिल्का में अवैध माइनिंग की सूचना पर विधायक की रेड:जांच में मिट्टी खनन वैध मिला, वीडियो वायरल करने वालों को चेतावनी दी

फाजिल्का में अवैध माइनिंग की सूचना पर विधायक की रेड:जांच में मिट्टी खनन वैध मिला, वीडियो वायरल करने वालों को चेतावनी दी

फाजिल्का से विधायक नरेंद्रपाल सवना द्वारा स्थानीय बाधा और म्यानी बस्ती के नजदीक माइनिंग साइट पर रेड की गई। बताया जा रहा है कि किसी व्यक्ति ने दूर से एक वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया और आरोप लगाए कि जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए रेत की अवैध माइनिंग की जा रही है। इसके बाद विधायक ने अधिकारियों और पुलिस को साथ लेकर मौके पर रेड की। जांच में पता चला कि वहां मिट्टी की माइनिंग की जा रही थी, जिसके लिए एक निजी ब्रिक्स कंपनी ने सरकार को फीस का भुगतान कर वैध परमिट लिया हुआ है। विधायक ने स्पष्ट किया कि रेत की अवैध माइनिंग का कोई मामला सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि यदि कोई रेत की अवैध माइनिंग करता है तो इसकी सूचना उन्हें दी जाए, जिस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विधायक बोले- सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ था वायरल जानकारी देते हुए फाजिल्का से विधायक नरेंद्रपाल सवना ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया गया, जिसमें दावा किया गया कि फाजिल्का के गांव बाधा और म्यानी के पास रेत की अवैध माइनिंग हो रही है। आरोप था कि जेसीबी मशीनों से बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है। इस सूचना के बाद उन्होंने माइनिंग विभाग के अधिकारियों और पुलिस प्रशासन के साथ मौके पर रेड की और जांच करवाई। जांच में सामने आया कि स्थानीय लोगों द्वारा अनुमति लेकर और सरकारी फीस जमा कर मिट्टी की माइनिंग की जा रही है। रेत की माइनिंग का कोई मामला सामने नहीं आया। विधायक ने कहा कि इसके बावजूद उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मामले पर नजर बनाए रखने और नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि रेत की अवैध माइनिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बिना पुष्टि के सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *