20 दिन से गायब है विधायक, इस गैंग ने दी थी जान से मारने की धमकी

20 दिन से गायब है विधायक, इस गैंग ने दी थी जान से मारने की धमकी

MP News: मऊगंज जिले के मऊगंज बायपास पर हुई घटना के बाद विधायक 20 दिन से लापता है। वे क्षेत्र से लगातार अनुपस्थित हैं। मोबाइल फोन भी बंद है। हालाकि, मऊगंज विधायक ने जाने से पहले खुद को मूसा गैंग से खतरा बताया था। बायपास किनारे विनोद मिश्रा और लल्लू पाण्डेय के बीच चल रहे जमीनी विवाद में तीन जनवरी को विधायक गए थे। वहां उग्र भीड़ ने विधायक को घेरकर नारेबाजी की।

पुलिस ने भीड़ से विधायक को निकालकर गाड़ी तक पहुंचाया तो बड़ी संख्या में लोग नारेबाजी करते हुए गाड़ी के सामने खड़े हो गए। मामले में पुलिस ने करीब 150 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। 8 को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। 4 जनवरी को विधायक मऊगंज में थे। 5 को भोपाल रवाना हुए थे। जाने से पहले उन्होंने मूसा गैंग से खुद को खतरा बताया था। भोपाल में वे विश्राम गृह और गनमैन छोड़ किसी दूसरे स्थान पर रहे हैं। गणतंत्र दिवस समारोह में भी विधायक की उपस्थिति पर संशय है।

कार्यक्रमों से दूरी

विधायक ने कार्यक्रमों से भी दूरियां बना ली है। सामूहिक विवाह सम्मेलन में विधायक को विशिष्ट अतिथि बनाया गया था, लेकिन वे नहीं पहुंचे। भाजपा कार्यालय में सांसद की पत्रकार वार्ता से भी विधायक ने दूरियां बना ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद हाल ही में उनका एक बैनर कॉलेज के पास लगवाया गया है जिसमें नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को बधाई दी गई है।

रिकॉर्ड में नहीं

मऊगंज में मूसा नामक एक बदमाश के कब्जे से चोरी के वाहन बरामद हुए थे। उसने कुछ साथियों के साथ एक व्यक्ति पर हमला किया था, जिसमें उसने मूसा गैंग का उल्लेख किया था। उसके बाद इस गैंग से कई राजनीतिक व्यक्तियों के नाम भी जोड़े गए। उनको गैंग का संरक्षणदाता बताया गया। हालांकि पुलिस रिकॉर्ड में ऐसी कोई गैंग नहीं है।

कार्रवाई की जाएगी- एसपी

मूसा गैंग का कोई रिकार्ड हमारे पास नहीं है और न ही ऐसी कोई गैंग फिलहाल जिले में एक्टिव है। अगर कोई एक्टिव है तो कार्रवाई की जाएगी।- दिलीप कुमार सोनी, एसपी मऊगंज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *