Mitchell Starc Injured: IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स को लगा बड़ा झटका। 11.75 करोड़ के मिचेल स्टार्क चोट के कारण अगले 3 अहम मैचों से बाहर हो गए हैं। जानें स्टार्क की चोट की असली वजह और क्या अक्षर पटेल की कप्तानी में बिना स्टार्क के भी दिल्ली बनी रहेगी अजेय?
IPL 2026, Mitchell Starc Injury Update, Delhi Capitals: आईपीएल 2026 में शानदार शुरुआत करने वाली दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए एक बुरी खबर आ रही है। टीम के सबसे महंगे और स्टार गेंदबाज मिचेल स्टार्क अभी कम से कम तीन और मैचों में नहीं खेल पाएंगे। 11.75 करोड़ में खरीदे गए स्टार्क अभी तक भारत भी नहीं पहुंचे हैं।
क्यों बाहर हैं मिचेल स्टार्क?
36 साल के स्टार्क इस समय ऑस्ट्रेलिया में अपनी कंधे और कोहनी की चोट (Shoulder and Elbow injury) का इलाज करा रहे हैं। स्टार्क ने खुद सोशल मीडिया पर बताया कि उन्हें इस चोट की गंभीरता का पता ऑस्ट्रेलियाई समर के दौरान नहीं चला था। उन्होंने उन लोगों को भी जवाब दिया जो उनकी चोट को लेकर गलत अफवाहें फैला रहे थे। स्टार्क ने साफ किया कि वह जल्द से जल्द दिल्ली की टीम से जुड़ने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
इन 3 बड़े मैचों को करेंगे मिस
स्टार्क के 20 अप्रैल तक टीम से जुड़ने की उम्मीद बहुत कम है। इसका मतलब है कि दिल्ली कैपिटल्स को इन तीन मुकाबलों में उनके बिना ही मैदान पर उतरना होगा। 8 अप्रैल को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ, 11 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 18 अप्रैल को भी वो टीम के साथ नज़र नहीं आएंगे। मगर उम्मीद जताई जा रही है कि वह 21 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।
स्टार्क की गैरमौजूदगी में कौन?
भले ही स्टार्क टीम के साथ नहीं हैं, लेकिन अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली की गेंदबाजी यूनिट जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। टीम ने अपने शुरुआती दोनों मैच (लखनऊ और मुंबई के खिलाफ) जीत लिए हैं। तेज गेंदबाज मुकेश कुमार नई गेंद के साथ विकेट चटका रहे हैं। लुंगी एनगिडी और टी नटराजन भी मुश्किल ओवरों में सटीक गेंदबाजी कर रहे हैं। वहीँ अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और विप्रज निगम मिडिल ओवर्स में रनों पर लगाम कस रहे हैं।
समीर रिजवी का जलवा
गेंदबाजी के अलावा दिल्ली के लिए युवा बल्लेबाज समीर रिजवी सबसे बड़ी पॉजिटिव खबर बनकर उभरे हैं। उन्होंने दबाव में दो बेहतरीन रन-चेज किए हैं। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि अब अनुभवी बल्लेबाज भी अपना हाथ खोलेंगे।
स्टार्क का होना है जरुरी
दिल्ली कैपिटल्स फिलहाल आईपीएल 2026 की उन चार टीमों में से एक है जो अब तक अजेय (Unbeaten) हैं। अगर वे 8 अप्रैल को गुजरात टाइटंस को हरा देते हैं, तो वे पॉइंट्स टेबल में नंबर 1 पर पहुंच जाएंगे। स्टार्क के आने से इस टीम की गेंदबाजी और भी घातक हो जाएगी, लेकिन तब तक दिल्ली के बाकी शेर मैदान में जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं।
Sports – Patrika | CMS


