बदायूं। एक मासूम के जन्मदिन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब चुपके से शराब पी रहे तीन लोगों ने अनजाने में जहर जैसा केमिकल पी लिया। कुछ ही मिनटों में हालत बिगड़ी और देखते ही देखते दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बरामय खेड़ा में मंगलवार को एक बच्चे के जन्मदिन के मौके पर घर में कार्यक्रम चल रहा था। परिवार और रिश्तेदारों के बीच खुशियों का माहौल था। इसी दौरान शाम करीब पांच बजे जुगेंद्र का भाई कामेश चौहान (63), यशपाल (45) और दामोदर (42) एक कमरे में चुपके से शराब पीने बैठ गए। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनकी यह हरकत कुछ ही देर में जानलेवा साबित होगी।
पानी समझकर मिला दिया हाइड्रोजन पराक्साइड
जिस कमरे में तीनों शराब पी रहे थे, वहीं दूध में मिलाने वाला हाइड्रोजन पराक्साइड केमिकल रखा हुआ था। नशे की हालत में तीनों ने उसे पानी समझ लिया और शराब में मिलाकर पी लिया। जैसे ही केमिकल शरीर में गया, कुछ ही मिनटों में तीनों की हालत बिगड़ने लगी—उल्टी, घबराहट और बेहोशी ने पूरे माहौल को दहला दिया। घटना के तुरंत बाद दामोदर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिजन कामेश और यशपाल को आनन-फानन में बदायूं के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने कामेश को मृत घोषित कर दिया। यशपाल की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
अस्पताल में मचा हड़कंप, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जैसे ही एक के बाद एक मौत की खबर आई, अस्पताल में हड़कंप मच गया। परिवार के लोग बदहवास हालत में रोते-बिलखते नजर आए। जन्मदिन का जश्न मातम में बदल चुका था। गांव में भी इस घटना के बाद दहशत और शोक का माहौल है। सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यदि कोई शिकायत मिलती है तो आगे कार्रवाई की जाएगी।


