कौशांबी में ‘मिशन शक्ति’ अभियान में तैनात एक महिला सिपाही से फोन पर अश्लील बातें करने के आरोप में एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी सिपाही बृजेश कुमार के खिलाफ पिपरी थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया है। यह घटना मंगलवार को सामने आई। आरोपी सिपाही बृजेश कुमार बलिया जिले का रहने वाला है और इन दिनों कौशांबी पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण में तैनात था। पीड़ित महिला सिपाही और आरोपी बृजेश कुमार एक ही बैच के बताए जा रहे हैं। महिला सिपाही भी बलिया जिले की ही रहने वाली है। महिला सिपाही का आरोप है कि बृजेश उसे अक्सर मोबाइल पर आपत्तिजनक संदेश भेजता था और फोन पर अश्लील बातें करता था। कई दिनों तक बृजेश की हरकतों से परेशान होकर महिला सिपाही ने 31 दिसंबर को पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार से शिकायत की थी। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और जांच सीओ चायल को सौंप दी। महिला सिपाही ने यह भी आरोप लगाया है कि बृजेश उसे बदनाम करने की धमकी भी दे रहा था। इससे भयभीत होकर उसने एसपी से शिकायत की। सीओ चायल अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जांच के दौरान महिला सिपाही के मोबाइल में आरोपी द्वारा भेजे गए कुछ आपत्तिजनक संदेश भी मिले हैं। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।


