जबलपुर के रामपुर स्थित एकलव्य आवासीय स्कूल (विशेष पिछड़ी जनजातीय) से गायब हुए तीनों बच्चों को पुलिस ने सकुशल तलाश लिया है । छात्रावास से निकलने के बाद तीनों छात्र पैदल गोरखुपर होते हुए मुख्य रेलवे स्टेशन पहुंचे, और वहीं पर रात गुजारी। इधर, गायब तीनों छात्रों को रामपुर पुलिस चौकी की टीम लगातार तलाश करती रही, इस दौरान आसपास लगे कई सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, जहां पर कि बच्चें स्टेशन तरफ जाते हुए नजर आए। पूछताछ में तीनों छात्रों ने बताया कि उन्हें छात्रावास में अच्छा नहीं लग रहा था, जिस कारण वह घर जाने के लिए निकले थे। पुलिस ने तीनों छात्रों को परिजनों को सौंप दिया है। 27 जनवरी की दोपहर को छात्रावास में पदस्थ टीचर ने रामपुर पुलिस चौकी में रिपोर्ट करते हुए बताया कि छात्रावास में रहने वाले तीन छात्र कक्षा 8 और कक्षा 9 में पढ़ते है। सोमवार की रात को तीनों छात्र खाना खाने के लिए मेस ना जाते हुए कमरे में बैठे रहे। मंगलवार की सुबह पीटी के दौरान जब छात्रों की गणना हुई तो पता चला कि तीन छात्र लापता है। फौरन परिजनों के साथ रामपुर पुलिस को सूचना दी गई। तीन साल से पढ़ रहे है हाॅस्टल में गायब हुए तीनों छात्र जबलपुर,मंडला और सिवनी के रहने वाले है। तीन साल से छात्रावास में रहकर पढ़ रहे छात्रों का कहना था कि यहां पर उन्हें अच्छा नहीं लगता है। माता-पिता और परिजनों की याद आती है, इसलिए प्लान बनाकर बिना किसी को बताए छात्रावास से रात को निकले और फिर पैदल रामपुर,गोरखपुर होते हुए रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पहुंचे, जहां पर रात बिताई। पुलिस पूछताछ में छात्रों ने बताया कि सुबह होते ही तीनों अपने-अपने घर के लिए रवाना हो जाते। 50 से ज्यादा कैमरे खंगाले रामपुर पुलिस चौकी प्रभारी महेंद्र जाटव ने बताया कि तीनों बच्चें नाबालिग थे, लिहाजा उनके गायब होने को गंभीरता से लिया। इस दौरान लगातार पुलिस की टीम ने छात्रावास के आसपास सर्जिंग की, पर पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने रामपुर से लेकर गोरखपुर और स्टेशन के आसपास कैमरे खंगाले तो तीनों बच्चे स्टेशन तरफ जाते हुए नजर आए। फिलहाल पुलिस ने तीनों छात्रों को छात्रावास प्रबंधन को सौंप दिया है।


