हरियाणा के नारनौल में नांगल चौधरी थाना क्षेत्र के गांव नायन से दो दिन से लापता 15 वर्षीय किशोर का पता नहीं चला है। परिजनों ने उसकी काफी तलाश करने के बाद पुलिस से उसे ढूंढने की गुहार लगाई है। गांव नायन निवासी जितेंद्र ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। उसका भतीजा कार्तिक (लगभग 15 वर्ष), जो उसके बड़े भाई अरविंद का बेटा है, 6 मार्च 2026 को शाम करीब 7 बजे ट्यूशन पढ़ने के लिए गांव के ही पवन कुमार के पास गया था। सुबह आता था वापस परिजनों के अनुसार कार्तिक नियमित रूप से शाम 7 बजे ट्यूशन के लिए जाता था और वहीं पढ़ाई करने के बाद रात को रुक जाता था। वह अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे घर वापस आ जाता था, लेकिन 7 मार्च की सुबह जब कार्तिक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। पवन ने बताया ट्यूशन नहीं आया इसके बाद परिजन पवन कुमार के पास पहुंचे, जहां उन्होंने बताया कि कार्तिक उस दिन ट्यूशन के लिए आया ही नहीं था। यह सुनकर परिवार के लोगों की चिंता और बढ़ गई। इसके बाद परिजनों ने अपने रिश्तेदारों व जानकारों से पूछताछ की और आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश की, लेकिन अब तक कार्तिक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। प्रशासन से जल्द ढूंढने की अपील परिजनों के अनुसार कार्तिक का रंग सावला है और चेहरा लंबूतरा है। वह घर से जाते समय चेकदार शर्ट, खाकी रंग की पेंट और हवाई चप्पल पहने हुए था। परिवार ने प्रशासन से किशोर को जल्द से जल्द ढूंढने की अपील की है।


