Dubai Missile Alert: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच सबसे सेफ माने जाने वाली दुबई शहर में अब लोग नहीं रहना चाहते हैं, इसकी वजह है, ईरान की तरफ से मिल रहे लगातार थ्रेट। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे दुबई के लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक एक इमरजेंसी अलर्ट आया, जिसमें संभावित मिसाइल हमले की चेतावनी दी गई और लोगों को तुरंत सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह दी गई। यह अलर्ट ऐसे समय आया है जब क्षेत्र में संघर्ष लगातार तेज हो रहा है।
दरअसल, यह तनाव तब शुरू हुआ जब ईरान पर यूएस (United States) और इजरायल (Israel) के हमलों के बाद हालात बिगड़ गए। इसके जवाब में ईरान (Iran) की कार्रवाई ने पूरे मिडिल ईस्ट को युद्ध जैसे माहौल में ला खड़ा किया है। ड्रोन और मिसाइलों के लगातार खतरे के कारण अब यूएई (United Arab Emirates) के दुबई और अबू धाबी जैसे सुरक्षित माने जाने वाले शहर भी हाई अलर्ट पर हैं। ऐसे में दुबई में अचानक आए मिसाइल वार्निंग अलर्ट ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
अबू धाबी के जायद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास धमाकों की आवाज
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच यूएई (United Arab Emirates) ने गुरुवार को बताया कि उसके इलाके में एक बैलिस्टिक मिसाइल और छह ड्रोन हमले किए गए। देश के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उसी दिन सुरक्षा बलों ने छह मिसाइलों और 131 ड्रोन को नष्ट कर दिया।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि गुरुवार को जायद इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Zayed International Airport) के पास भी धमाकों की आवाज सुनी गई। इससे पहले दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Dubai International Airport) और आसपास के कुछ होटलों को नुकसान होने की खबरें भी सामने आई थीं।
इस संघर्ष का असर यात्रा पर भी पड़ रहा है। कई उड़ानें रद्द या देरी से चल रही हैं, जिससे कई टूरिस्ट UAE में ही फंस गए हैं। केवल UAE ही नहीं, बल्कि ओमान, सऊदी अरब, बहरीन और कुवैत जैसे खाड़ी देशों ने भी हाल के दिनों में ऐसी घटनाओं की जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि ईरान इस क्षेत्र में मौजूद यूएस (United States) के सैन्य ठिकानों और कॉन्सुलेट को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है।


