सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र के मीतापुर गांव में अवैध बालू खनन की जांच करने पहुंचे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव और उनके भाई राजेंद्र यादव के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि पट्टाधारक से जुड़े लोगों ने उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी की हवा भी निकाल दी। अनिल यादव अपने भाई राजेंद्र यादव के साथ सोन नदी में चल रहे अवैध खनन की पड़ताल करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि यहां प्रतिबंधित मशीनों का उपयोग कर अवैध तरीके से रोजाना सैकड़ों ट्रकों से बालू निकाली जा रही थी। इस बड़े पैमाने पर हो रहे खनन से सोन नदी की प्राकृतिक धारा भी प्रभावित हो रही थी। अनिल यादव के मौके पर पहुंचने पर वहां मौजूद पट्टाधारक से जुड़े लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने उनकी स्कॉर्पियो वाहन के टायरों की हवा निकाल दी। इतना ही नहीं, उनके भाई राजेंद्र यादव के साथ भी मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं सूचना पाकर एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंच गए। इधर अनिल यादव ने चोपन थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एडिशनल एसपी अनिल कुमार ने कहा कि सूचना प्राप्त हुई थी कि भगवा महलपुर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच में आपसी झड़प और मारपीट हुई है। इस सूचना पर मैं मौके पर गया था और वहां पर लोगों से बात करने पर पता चला है कि कुछ लोग वहां जाकर खनन क्षेत्र में वीडियो बना रहे थे। दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा वीडियो बनाने का विरोध किया गया इसी बात को लेकर दोनों पक्षो के बीच में नोकझोंक हुई है। दोनों पक्षों से तहरीर ले ली गई है जांच की जा रही है जांच के बाद सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।


